अमेरिकी मिडटर्म चुनावः Donald Trump को लगा बड़ा झटका, अब की बार ट्रंप को मिली करारी हार, संसद के दोनों सदनों में अब डेमोक्रेट्स का कब्जा
US Midterm Elections: A major setback for Donald Trump; he has suffered a crushing defeat, with Democrats now in control of both chambers of Congress.
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया खत्म हो गई है और नतीजे सामने आने लगे हैं. इस चुनाव से यह तय होगा कि अमेरिकी कांग्रेस की दोनों सदनों पर किसका नियंत्रण होगा. इस चुनाव को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए इसे बड़ी परीक्षा माना जा रहा है. शुरुआती नतीजों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगा है. रिपब्लिकन पार्टी के कई मजबूत गढ़ में भी डेमोक्रेट्स को जीत मिली है. दोनों सदनों में डेमोक्रेट ने बढ़त बना ली है.
ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी को दी बधाई
अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने बधाई दी है. ट्रंप ने सीबीएस न्यूज से फोन पर बातचीत में कहा, ''मैं डेमोक्रेट्स को बधाई देता हूं, और मैं अपने देश की भलाई के लिए आपके साथ मिलकर काम करने की अपेक्षा रखता हूं.
अमेरिकी सीनेट में पहुंचा मुस्लिम सांसद, अब्दुल अल-सईद जीते
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद ने मंगलवार को मिशिगन में हुए कड़े मुकाबले में रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व सांसद माइक रोजर्स को हरा दिया. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक इस जीत के साथ वह अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बन गए हैं.
अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में अब डेमोक्रेट्स का राज
मंगलवार को हुए मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया. अनुमानों के मुताबिक 435 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स को 255 सीटें मिलने की उम्मीद है. यह पार्टी के पिछले आंकड़े से 40 से ज्यादा सीटें ज्यादा हैं. अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो करीब 20 साल में प्रतिनिधि सभा के चुनाव में डेमोक्रेट्स का यह सबसे अच्छा प्रदर्शन होगा।
अमेरिकी सीनेट पर डेमोक्रेट्स का कब्जा
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के नतीजों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट में बहुमत हासिल कर लिया है. यह ट्रंप के लिए बड़ा झटका है. बता दें कि सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर चुनाव हुए थे. चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 सीटें थीं. जबकि डेमोक्रेट्स और उनके साथ गठबंधन में शामिल 2 निर्दलीय सांसदों के पास कुल 47 सीटें थीं. सीनेट में बहुमत के लिए 51 सीटों की जरूरत होती है. अगर दोनों दलों के पास 50-50 सीटें होतीं, तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को बराबरी की स्थिति में निर्णायक वोट देने का अधिकार होता. लेकिन डेमोक्रेट्स ने 51 सीटें जीतकर सीनेट पर नियंत्रण हासिल कर लिया है.
इल्हान उमर जीतीं
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की इल्हान उमर ने मिनेसोटा के पांचवें कांग्रेसनल जिले से अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सीट जीत ली है. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन नागेल को हरा दिया है. बता दें कि ट्रंप इल्हान उमर पर लगातार हमले बोलते रहे हैं.
वीटो का इस्तेमाल करने की धमकी दे रहे ट्रंप
चुनावों में हार करीब देख डोनाल्ड ट्रंप ने अब वीटो वाली धमकी दे दी है. ट्रंप ने कहा है कि संसद पर डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण हुआ तो वे अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए अपनी वीटो पावर और कार्यकारी शक्तियों का इस्तेमाल करेंगे. ट्रंप ने सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मेरे पास सबसे बड़ी पावर है. इसे 'वीटो' कहते हैं." उन्होंने यह भी कहा कि अगर डेमोक्रेट्स हाउस या सीनेट में बहुमत हासिल करते हैं, तो वे "मिस्टर वीटो" निकनेम का स्वागत करेंगे. ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि बार-बार वीटो लगाने से डेमोक्रेट्स आखिरकार बातचीत की टेबल पर आ ही जाएंगे.
हारे तो ट्रंप की शक्ति हो जाएगी कम
मिडटर्म चुनाव में अगर ट्रंप की पार्टी कांग्रेस के एक या दोनों सदनों में नियंत्रण गंवा देती है तो राष्ट्रपति अपने चार साल का कार्यकाल तो पूरा कर पाएंगे. लेकिन उनके पास फैसले लेने की शक्ति कम हो जाएगी. यानी नए कानून और बजट पास कराना मुश्किल हो सकता है. विपक्ष के नियंत्रण वाली कांग्रेस राष्ट्रपति प्रशासन के खिलाफ जांच भी शुरू कर सकती है. इसके अलावा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स राष्ट्रपति पर महाभियोग भी चला सकता है.
संसद में बहुमत से कितनी दूर डेमोक्रेटिक पार्टी?
अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. पार्टी ने अब तक प्रतिनिधि सभा की 195 सीटों पर जीत हासिल कर ली है. बता दें कि 435 सीटों वाली अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने के लिए 218 सीटों की जरूरत है. यानी डेमोक्रेट्स बहुमत के आंकड़े से महज 23 सीटें दूर हैं.
अमेरिका में हार पर ट्रंप का कबूलनामा
अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा कबूलनामा किया है. ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध इस हार की एक वजह रही. उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि हार की एक वजह ईरान भी रहा. हालांकि, कुछ लोगों ने इसके महत्व को भी समझा.
ढह गई लाल दीवार, रिपब्लिकन के गढ़ में डेमोक्रेट्स की ऐतिहासिक जीत
अमेरिका का राजनीतिक नक्शा अब धीरे-धीरे नीले रंग में रंगता नजर आ रहा है। 2026 के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने उन राज्यों में भी बड़ी बढ़त बनाई है. जिन्हें पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन का गढ़ माना जाता रहा है. टेक्सास, कंसास और आयोवा में मिली ऐतिहासिक जीत को अमेरिकी राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. टेक्सास में जीना हिनोजोसा ने गवर्नर पद का चुनाव जीतकर बड़ी कामयाबी हासिल की है. वहीं, कंसास में एडम हैमिल्टन ने सीनेट का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया. इसके अलावा आयोवा में रॉब सैंड ने गवर्नर पद के चुनाव में जीत दर्ज की. इसके अलावा प्रतिनिधि सभा के कई अहम चुनावी मुकाबलों में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने बढ़त हासिल की है.
क्यों अहम हैं ये चुनाव?
अमेरिकी संविधान के तहत संसद राष्ट्रपति पर अंकुश लगाने का काम करती है. अगर राष्ट्रपति की पार्टी संसद के एक या दोनों सदनों में बहुमत खो देती है. तो राष्ट्रपति के लिए नए कानून पारित कराना, बजट मंजूर कराना और अपनी पसंद के अधिकारियों की नियुक्ति कराना बेहद मुश्किल हो जाता है. ऐसे में ट्रंप की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
ट्रंप ने मान ली हार
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों के नतीजों में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी हार मान ली है. ट्रंप ने कहा है कि वह चुनाव के नतीजों को कबूल करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई है. ट्रंप ने कहा, "हम उनके साथ काम करने के लिए तैयार रहेंगे. हम शायद मिलकर कोई रास्ता निकाल लेंगे.
डेमोक्रेट्स को एक और बड़ी कामयाबी, सीनेट की तीसरी सीट छीनी
अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी को एक और बड़ी जीत मिली है. डेमोक्रेट उम्मीदवार एडम हैमिल्टन ने मंगलवार को कंसास से अमेरिकी सीनेट का चुनाव जीत लिया. उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के मौजूदा सांसद रोजर मार्शल को हरा दिया. हैमिल्टन की इस जीत से सीनेट में बहुमत हासिल करने की डेमोक्रेट्स की उम्मीदों को और मजबूती मिल गई है.
अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल के उम्मीदवारों का जलवा
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के शुरुआती नतीजों में भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों नेधमाकेदार प्रदर्शन किया है. सुहास सुब्रमण्यम और अरुणा मिलर ने अपनी सीटों पर दोबारा जीत हासिल की है. वहीं पिया दांडिया ने पहली जीत दर्ज की है. 40 वर्षीय सुहास सुब्रमण्यम वर्जीनिया से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए फिर चुने गए. वहीं, 61 वर्षीय अरुणा मिलर ने मैरीलैंड की उप-गवर्नर के पद पर अपनी कुर्सी बरकरार रखी है. 39 वर्षीय पिया दांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें संसदीय क्षेत्र से जीत हासिल की है.
मैं होता तो बड़ी जीत मिलती- ट्रंप
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों के नतीजों में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार से पल्ला झाड़ने की कोशिश की है. ट्रंप ने रुझानों के बीच 'ट्रुथ सोशल' पर कहा कि अगर वह चुनाव लड़ रहे होते तो रिपब्लिकन पार्टी बड़े अंतर से जीतती. उन्होंने लिखा, "मैं चुनाव में उम्मीदवार नहीं था। होता तो हम बहुत बड़े अंतर से जीतते." खास बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने अपने समर्थकों से अपील की थी कि वे इस चुनाव को ऐसे लड़ें, जैसे खुद ट्रंप भी मैदान में हों. हालांकि, अब नतीजे आने के बाद उनका मूड बदल गया है.
डेमोक्रेट जीत की ओर; ओहायो में सीनेट और टेक्सास में गवर्नर का चुनाव जीता
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. पार्टी ने ओहायो में सीनेट की सीट जीत ली है. इसके अलावा टेक्सास में गवर्नर पद के चुनाव में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने जीत हासिल की है.
अमेरिका में भारतवंशी विवेक रामास्वामी की करारी हार
अमेरिका में भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी चुनाव हार गए हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार एमी एक्टन ने ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव जीत लिया है. बता दें कि चुनाव के आखिरी दिनों में दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला आक्रमक हो गया था. रामास्वामी ने चुनाव प्रचार अभियान में एमी एक्टन की मां को लेकर एक विज्ञापन बनावाया था। इससे माहोल तनावपूर्ण हो गया था.
प्रतिनिधि सभा पर डेमोक्रेट्स का कब्जा लगभग तय
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों के नतीजे अब साफ होते जा रहे हैं. अलग-अलग समाचार चैनलों के मुताबिक प्रतिनिधि सभा पर डेमोक्रेट्स का कब्जा तकरीबन तय हो गया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



