बस में सफर कर रहे सराफा कारोबारी से 90 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवरात की उठाईगिरी, अलर्ट मोड पर पुलिस, एसएसपी ने कसा शिकंजा
A bullion trader travelling in a bus was robbed of Rs 90 lakh in cash and gold and silver jewellery; police on alert, SSP tightens noose.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बीते रात एक बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई. अंबिकापुर निवासी सराफा व्यापारी किशोर कुमार को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने उनके बैग से करीब 90 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. घटना की खबर मिलते ही रतनपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरु कर दी.
मिली जानकारी के मुताबिक किशोर कुमार अपने कारोबारी काम के सिलसिले में अंबिकापुर से रायपुर जा रहे थे. वह रॉयल ट्रैवल्स की बस में सफर कर रहे थे. बस रतनपुर क्षेत्र से गुजर रही थी. तभी अज्ञात आरोपियों ने तभी उनकी नींद का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से उनके बैग को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पार कर दिया.
घटना का खुलासा तब हुआ जब बस रायपुर पहुंची. अपने सामान की जांच के दौरान किशोर कुमार को चोरी का पता चला. इसके बाद व्यापारी रतनपुर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने बस के ड्राइवर, क्लीनर और स्टाफ से पूछताछ की है और बस में सफर करने वाले अन्य यात्रियों की लिस्ट भी जुटाई जा रही है.
रायपुर पहुंचने पर जब व्यापारी ने बैग गायब देखा तो फौरन बस के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, इसमें साफ दिखा कि तीन से चार संदिग्ध युवक अंबिकापुर से बस में व्यापारी के पीछे सवार हुए थे, उन्होंने रतनपुर के बीच रास्ते में मौका देखकर बैग अपने कब्जे में ले लिया और एक स्टॉपेज पर उतर गए.
इस घटना के बाद व्यापारी ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिस पर पुलिस ने धारा 303(2), 3, 5 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है. पुलिस ने तकनीकी सबूतों का संकलन कर विशेष टीम गठित की है. जो संदिग्धों की लोकेशन और गतिविधियों का विश्लेषण कर रही है.
पुलिस का मानना है कि आरोपी यात्री बनकर बस में सवार हुए थे और किसी एक स्टॉप पर उतर गए. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब बस के सभी स्टॉपेज और मुख्य मार्गों की पड़ताल कर रही है. साथ ही बिलासपुर और कोरबा जिले की सीमा पर स्थित मुख्य चेक पॉइंट्स पर अलर्ट जारी किया गया है और संदिग्धों की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं.
थाना प्रभारी ने कहा “हमने पूरे रुट पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी है. संदिग्धों की पहचान के लिए हर संभव पहल की जा रही है. इस घटना से क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है. व्यापारी समुदाय ने भी बस में यात्रा करते समय सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



