अध्यापन छोड़ मार्केटिंग का काम कर रहा सरकारी स्कूल का शिक्षक!, DEO ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, मचा हडकंप
A government school teacher is leaving teaching and doing marketing work DEO issued a show cause notice causing a stir
कोरबा : सरकारी स्कूलों में बड़ी तादाद में ऐसे शिक्षक हैं जो मार्केटिंग, चिटफंड या फिर बीमा के काम से जुड़े हुए हैं. ऐसे शिक्षक स्कूलों से नदारद रहते हैं और एक्स्ट्रा कमाई करने में जुटे रहते हैं. स्कूल से पूरी तनख्वाह उठाना और दूसरे काम से भी आय अर्जित करना इनका मिशन है. ऐसे ही एक शिक्षक की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
मीडिया ने जब छानबीन की तब पता चला कि ऐसे एक नहीं कई शिक्षक हैं. जो इस काम में लगे हुए हैं. और लोगों को फायदे का झांसा देकर उनकी गाढ़े पसीने की कमाई को कंपनी में इन्वेस्ट कराते हैं और मोटा कमीशन हासिल करने के साथ ही टूर पैकेज का भी फायदा उठाते हैं.
कोरबा जिले के करतला विकास खंड स्थित शा.उ.मा.वि. कनकी में पदस्थ व्याख्याता (एलडी) बसंत हिमधर अध्ययन-अध्यापन को छोड़कर मार्केटिंग कंपनी के काम में जुड़े हुए हैं और बिजनेस कर रहे हैं. उनके इस काम के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. जिसके चलते व्याख्याता हिमधर की शिकायत DEO कोरबा से की गई. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए DEO कोरबा ने व्याख्याता एलबी बसंत हिमथर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
DEO ने मांगा नोटिस का जवाब
DEO कोरबा ने व्याख्याता बसंत हिमधर को जारी नोटिस में लिखा है “आपके द्वारा शासकीय दायित्वों से विमुख होकर डायरेक्ट सेंलिग (नेटवर्क मार्केटिंग) और चिटफंड कंपनी से जुड़कर उत्पादों और सेवाओं की बिक्री का व्यवसाय किया जा रहा है. और आप विद्यालय का अध्यापन काम छोड़कर इन कंपनियों के मिंटिंग और टूर पैकेज में सम्मिलित हो रहे हैं. और लोगों को उक्त मार्केटिंग में जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं. आपका उक्त कृत्य छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उपनियम-3 तथा उपनियम-16 के सर्वथा खिलाफ है. जो बेहद अशोभनीय और आपत्तिजनक है. और नियमों के तहत कठोर शास्ति योग्य है. इसलिए इस बारे में अपना स्पष्टीकरण तीन दिन के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के सामने खुद हाजिर होकर पेश करें. वरना आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्तावित की जाएगी.
SMC कंपनी से जुड़े हैं ये शिक्षक..?
जब इस बारे में पता लगाया गया तब जानकारी मिली कि बसंत हिमधर SMC नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी से जुड़े हुए हैं. SMC यानी SMART MONEY CONCEPT, जिसके बारे में सोशल मीडिया में काफी बढ़ा-चढ़ा कर बताया जाता है. इस कंपनी से जुड़ना यानी Life-Changing Opportunity बताया जा रहा है. इस कंपनी में काम कर गोवा टूर करने वाले इस शिक्षक ने टीम के सदस्यों के साथ की अपनी तस्वीरें भी सोशल मीडिया में अपलोड की है. इसके अलावा कई ऐसे मैसेज भी हैं. जिसमें कंपनी के बारे में इतना बढ़ा चढ़ा कर बताया गया है कि कोई भी इससे जुड़ना चाहेगा.
कई शिक्षक कर रहे हैं इस तरह का धंधा
जानकर बताते हैं कि सिर्फ हिमधर ही नहीं बल्कि कई शिक्षक और व्याख्याता नेटवर्क मार्केटिंग के अलावा बीमा का काम जोर-शोर से कर रहे हैं. SMC के अलावा हर्बलाइफ की कंपनी भी मशहूर हैं. जिसमें पैसा लगाकर पहले प्रोडक्ट लिया जाता है. फिर कस्टमर की चैन तैयार कर कमीशन हासिल किया जाता है. बताया जा रहा है कि ज्यादातर शिक्षक हर्बलाइफ से जुड़े हुए हैं.
शिक्षकों के इस तरह के काम के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होना स्वाभाविक है. मगर सब कुछ जानने के बावजूद विभाग के अधिकारियों द्वारा कड़ाई नहीं बरतना इन्हें ऐसे काम से जुड़े रहने की छूट प्रदान करता है. बहरहाल यह देखने वाली बात होगी कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ विभाग क्या कार्यवाही करता है?.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



