घटारानी जतमई मार्ग पर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत, एक की हालत नाजुक, लफंदी और बेमचा गांव में शोक की लहर
A high speed bike collided with a tree on Ghatarani Jatamai road, two youths died tragically, one is in critical condition, a wave of mourning in Lafandi and Bemcha villages
गरियाबंद/ फिंगेश्वर : फिंगेश्वर क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां पेड़ से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. वहीं एक युवक घायल हो गया. यह हादसा घटारानी जतमई मार्ग पर हुआ है. बताया जा रहा कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी. फिंगेश्वर पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे. अनियंत्रित बाइक जतमई मार्ग पर एक तीव्र मोड़ पर सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि युवकों को संभलने का कोई मौका ही नहीं मिला.
मृतकों की पहचान लफेंदी निवासी मिथलेश साहू उम्र 17 साल और बेमचा निवासी नितेश साहू उम्र 16 साल के रुप में हुई है. वहीं बाइक में सबसे पीछे बैठा 21 साल का डोमेश साहू युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. जिसे फिंगेश्वर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया.
हादसे की खबर मिलते ही लफंदी और बेमचा गांव में शोक की लहर दौड़ गई. दोनों मृतकों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिथलेश और नितेश अपने-अपने घरों के इकलौते बेटे थे. गांव के लोगों ने बताया कि तीनों युवक सुबह से ही बाइक पर निकले थे और जतमई की तरफ घूमने जा रहे थे.
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और परिजनों से बयान लिए जा रहे हैं. प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और लापरवाही को हादसे की असल वजह माना जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



