जानलेवा दुस्साहस-लोग हैरान, गले में जिंदा सांप लपेटकर अस्पताल पहुंचा युवक, बोला-‘यही है जिसने मुझे काटा, सोशल मीडिया पर वीडियो जमकर वॉयरल
A life-threatening stunt leaves people stunned: a young man arrived at the hospital with a live snake wrapped around his neck, declaring, "This is the one that bit me." The video has gone viral on social media.
कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है. जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. सांप के काटने के बाद एक युवक उसी सांप को पकड़कर अपने गले में लपेटे हुए बाइक से अस्पताल पहुंच गया. युवक का कहना था कि यही वह सांप है, जिसने मुझे काटा है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक पखांजूर क्षेत्र के संगम निवासी देवजीत सरकार को कथित तौर पर एक सांप ने काट लिया था. इसके बाद युवक ने उस सांप को पकड़ लिया और उसे अपने गले में लपेटकर मोटरसाइकिल से पखांजूर अस्पताल पहुंच गया. अस्पताल पहुंचने पर जब लोगों ने युवक के गले में सांप देखा तो वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
बताया जा रहा है कि युवक सांप को इसलिए अस्पताल लेकर पहुंचा था. ताकि डॉक्टरों को यह पता चल सके कि उसे किस प्रजाति के सांप ने काटा है और उसके मुताबिक इलाज किया जा सके. हालांकि, सांप को पकड़कर गले में लपेटना बेहद जोखिम भरा कदम था.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक मोटरसाइकिल से अस्पताल की तरफ जाता दिखाई दे रहा है. उसके गले में सांप लिपटा हुआ नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग युवक के इस कदम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. किसी ने इसे साहस बताया तो कई लोगों ने इसे बेहद खतरनाक और जान जोखिम में डालने वाला कदम बताया. अस्पताल पहुंचने के बाद युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया. इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है और वह सुरक्षित है.
सांप की पहचान के लिए पकड़ना जरूरी नहीं..
सांप के काटने की स्थिति में उसकी पहचान के लिए उसे पकड़कर अस्पताल ले जाना जरूरी नहीं है. सांप को पकड़ने या उसके करीब जाने से दोबारा काटे जाने का खतरा रहता है. अगर संभव हो तो सुरक्षित दूरी से सांप की तस्वीर लेना या उसके रंग-रूप की जानकारी डॉक्टरों को देना ज्यादा सुरक्षित तरीका हो सकता है. लेकिन तस्वीर लेने के चक्कर में भी सांप के पास जाना अच्छा नहीं है.
विशेषज्ञों के मुताबिक सांप काटने के बाद सबसे अहम बात समय बर्बाद किए बिना व्यक्ति को चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाना है. सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश करने में समय गंवाना जोखिम बढ़ा सकता है.
युवक सुरक्षित, लेकिन घटना ने दी बड़ी सीख..
देवजीत सरकार की हालत इलाज के बाद सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने सांप के काटने के बाद बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा किया है. ग्रामीण और वन क्षेत्रों में सांप मिलने की घटनाएं आम हैं. ऐसे में लोगों को सांप के काटने पर घबराने के बजाय फौरन अस्पताल पहुंचना चाहिए.
इस घटना का सबसे बड़ा संदेश यही है कि सांप की पहचान से ज्यादा जरूरी व्यक्ति की जान बचाना है. सांप को पकड़ना या उसके साथ फोटो और वीडियो बनाना जानलेवा साबित हो सकता है. इसलिए ऐसी हालत में सुरक्षित दूरी बनाए रखना और फौरन चिकित्सकीय सहायता लेना ही सबसे सही कदम है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



