तालाब में नहाने गए नाबालिग की मौत, दोस्तों को नहाता देख तालाब में उतरा, डूबने से गई जान, आधे घंटे बाद बाहर निकाला गया 16 वर्षीय छात्र, इलाके में पसरा मातम

A minor boy drowned while bathing in a pond after seeing his friends bathing. The 16-year-old student was rescued half an hour later, causing mourning in the area.

तालाब में नहाने गए नाबालिग की मौत, दोस्तों को नहाता देख तालाब में उतरा, डूबने से गई जान, आधे घंटे बाद बाहर निकाला गया 16 वर्षीय छात्र, इलाके में पसरा मातम

दुर्ग : दुर्ग जिला के सुपेला थाना इलाके में बेलवा तालाब में नहाने के दौरान 16 साल के छात्र की डूबने से मौत हो गई. मृतक छात्र की पहचान गुरप्रीत सिंह के रुप में पुलिस ने की है. स्थानीय लोगों और पुलिस के मुताबिक मृतक छात्र गुरप्रीत और पांच दोस्तों के साथ तालाब में नहाने के लिए पहुंचा था.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत सिंह तालाब के बाहर गार्डन में बैठा हुआ था और फोन पर बात कर रहा था. उसी समय उसके दोस्त तालाब में नहा रहे थे. दोस्तों को नहाता देख वह भी तालाब में उतर गया. तालाब में उतरते ही वह गहराई की तरफ चला गया और बाहर नहीं निकल सका, परिजनों का कहना है कि तालाब के अंदर उसका पैर किसी चीज में फंस गया था, जिसकी वजह से वह पानी से बाहर नहीं आ पाया,
नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया छात्र
नहाने के दौरान छात्र गहरे पानी में उतर गया. छात्र को तैरना नहीं आता था लिहाजा वो डूबने लगा. गुरप्रीत सिंह के बाकी साथी उसे डूबता देख घबरा गए. मृतक के साथियों ने मदद के लिए शोर मचाया. जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. जिस जगह पर छात्र डूबा था वो जगह काफी गहरी थी. लिहाजा छात्र को रेस्कूय करने के लिए मौके पर पुलिस और गोताखोरों की टीम को बुलाया गया.
गोताखोरों की टीम ने शव को निकाला
गोताखोरों ने बड़ी मशक्कत के बाद तालाब में डूबे छात्र की बॉडी को खोज निकाला. छात्र को जब बाहर निकाला गया तब उसकी सांसें थम चुकी थी. हादसे की जानकारी लगते ही मृतक छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे. बेटे की लाश देख परिजनों के होश उड़ गए. पूरा परिवार गम में डूब गया. पुलिस ने किसी तरह से परिजनों को समझा बुझाकर वहां से रवाना किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है.
सुपेला थाना पुलिस कर रही जांच
पीएम रिपोर्ट आने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. सुपेला थाना पुलिस ने हादसे का मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर गर्मी के दिनों में तालाब में नहाने के लिए कई लोग पहुंचते हैं. कई बार बच्चे भी यहां तालाब में नहाने के लिए उतर जाते हैं. आस पास कोई होता है तो बच्चों को वहां से हटा देता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर खतरे का बोर्ड लगाना चाहिए, जिससे यहां नहाने आने वालों को खतरे का साइन बोर्ड नजर आए, जिससे हादसों को रोकने में मदद मिलेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB