गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप हादसे की शिकार, 27 श्रद्धालु घायल, 2 महिलाएं गंभीर, देवचरण- अमजद खान ने की फौरन मदद

A pickup truck carrying devotees en route to Giraudpuri Dham met with an accident; 27 devotees were injured, including two women who are in serious condition. Devcharan and Amjad Khan immediately stepped in to help.

गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप हादसे की शिकार, 27 श्रद्धालु घायल, 2 महिलाएं गंभीर, देवचरण- अमजद खान ने की फौरन मदद

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में महिला और बच्चों समेत 27 श्रद्धालु घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहीं सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
यह हादसा कसडोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 बी पर सेल और छांछी के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि माजदा वाहन में 30 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे. सभी बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम में बाबा गुरु घासीदास के दर्शन के लिए जा रहे थे. गुरुवार सुबह मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए.
हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की खबर मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को कसडोल CHC पहुंचाया गया. दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोट आने के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की जानकारी मिलते ही कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के वजह की जांच शुरू कर दी है. घायलों के परिजनों और चश्मदीदों से भी जानकारी ली जा रही है.
परिवार के सदस्य देवचरण जांगड़े ने बताया कि सभी लोग मुरकुटा नांदघाट से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए निकले थे. इसी दौरान वाहन पलट गया. उन्होंने बताया कि अमजद खान ने फौरन मदद करते हुए अपने वाहन से घायलों को कसडोल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में सहयोग किया. फिलहाल घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?