कथित रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल, SDM ऑफिस के बाबू पर लगे गंभीर आरोप, कलेक्टर ने दिया जांच के आदेश, चर्चाओं का दौर शुरू
A video allegedly showing the acceptance of a bribe has gone viral on social media; serious allegations have been leveled against an SDM office clerk, the Collector has ordered an investigation, and the matter has become a topic of widespread discussion.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के प्रशासनिक महकमे में उस समय हलचल मच गई. जब एडीएम (एडिशनल कलेक्टर) कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी का कथित रूप से नकदी लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. वहीं जिला प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर कर्मचारी को कुछ रकम देता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो में कर्मचारी उस रकम को अपनी जेब में रखते हुए नजर आ रहा है. हालांकि वीडियो में दिखाई दे रही रकम कितनी है और वह किस काम के बारे में दी गई. इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
मिली जानकारी के मुताबिक संबंधित कर्मचारी का कक्ष एडीएम कार्यालय के पास स्थित बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों के बीच कार्यालयीन कार्यप्रणाली और शासकीय दफ्तरों में होने वाले लेन-देन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है. कलेक्टर ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना की हालात और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जाएगी.
कलेक्टर ने साफ किया है कि अगर जांच में किसी तरह की अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया कि वायरल वीडियो हाल का है या पुराना.. साथ ही वीडियो में दिखाई गई रकम किस मकसद से दी गई थी. इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. जांच के दौरान वीडियो की तारीख, जगह और उससे जुड़े अन्य तथ्यों का भी सत्यापन किया जाएगा.
अब पूरे मामले में जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही वायरल वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई गई घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



