हिंदू नववर्ष पर गरियाबंद में आस्था का ज्वार, तिरंगा चौक पर उमड़ा जनसैलाब, महाआरती, भक्ति और उत्साह के साथ विक्रम संवत 2083 का भव्य स्वागत
A wave of faith swept across Gariaband on the occasion of Hindu New Year; a large crowd gathered at Tiranga Chowk; Vikram Samvat 2083 was welcomed with great devotion and enthusiasm.
गरियाबंद : हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार शाम तिरंगा चौक सहित पूरे नगर में भक्ति और उत्साहमय वातावरण देखने को मिला. तिरंगा चौक में भारत माता की भव्य आरती के साथ समूचे देश के आराध्य प्रभु श्रीराम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. इस दौरान आयोजित महाआरती में बड़ी तादाद में श्रद्धालु शामिल हुए.
नववर्ष का पहला दिन विश्व हिंदू परिषद द्वारा धूमधाम से मनाया गया. नवरात्रि के शुभारंभ पर मंदिर में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया. सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्यों के साथ नन्हे बालक-बालिकाओं ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. ढोल-मंजीरे और शंखध्वनि के बीच गूंजते “जय माता दी” के जयकारों ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया. पूजन के पश्चात मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया. मंदिर परिसर में दिनभर दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित कर परिवार की खुशहाली की कामना की.
प्रमुख उपस्थितजन इस पावन अवसर पर शत्रुघन साहू साहू, सोहन लाल देवांगन, सत्यप्रकाश मानकीपुरी, विक्रम साहू, केशव साहू, दीनू निर्मलकर, आशीष तिवारी वर्षा तिवारी , संजय कुमार, सोनबाईर आरती सोनबोईर परिवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
इस अवसर पर विहिप, बजरंग दल, श्रीराम राज्य युवा सहित विभिन्न संगठनों द्वारा तिरंगा चौक में भारत माता, प्रभु श्रीराम जी की आरती की गई. इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. जय श्रीराम और भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा गरियाबंद गूंज उठा. कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने सभी को नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि नव वर्ष सभी के जीवन में नई उमंग नया उत्साह और नई सफलता लेकर आए. जो लक्ष्य हम पिछले वर्ष पूर्ण कर सके उसे लक्ष्य को आने वाले इस वर्ष में पूरा करने की कोशिश करें.
वहीं इसके पहले विहिप के जिला अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर और ग्राम पंचायत मरौदा के सरपंच अभिमन्यु द्वारा हिंदू नव वर्ष के महत्व बताते हुए कहा कि हिंदू नववर्ष हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है. यह दिन हमें अपने गौरवशाली अतीत की याद दिलाता है और भविष्य के लिए प्रेरणा प्रदान करता है. भारत का इतिहास समृद्धिशाली रहा है. हमारी संस्कृति विश्व की प्राचीनतम और महानतम संस्कृतियों में से एक है. जिसने पूरे विश्व को ज्ञान, विज्ञान, आध्यात्म और मानवता का संदेश दिया है. हमारे ऋषि-मुनियों, महापुरुषों और वीरों ने इस देश को महान बनाया है. उनकी तपस्या, त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम इस सांस्कृतिक धरोहर के उत्तराधिकारी हैं. ऐसे में हमारा कर्तव्य है कि हम अपनी परंपराओं को सहेजें, उन्हें आगे बढ़ाएं और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं. इस मौके पर बड़ी तादाद में श्रद्धालुजन मौजूद थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



