बिलासपुर में आचार संहिता उल्लंघन का लगा आरोप, कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक ने की जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत
Allegation of violation of code of conduct in Bilaspur, Congress mayor candidate Pramod Nayak complained to the District Election Officer
बिलासपुर : कांग्रेस महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक ने भाजपा प्रत्याशी श्रीमती एल पद्यमजा (पूजा विधानी) के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी और ऑब्जर्वर विनीत नदनवार को लिखित शिकायत दी है. प्रमोद नायक ने मांग किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रोड शो के लिए बिलासपुर शहर में लगाए गए भाजपा के पोस्टर, बैनर, और झंडों को बिजली खंभों व सरकारी भवनों से तत्काल हटाया जाए.
नायक ने अपनी शिकायत में कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है. ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री लगाना नियमों का उल्लंघन है. उन्होंने अधिकारियों पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया.
प्रमोद नायक ने चेतावनी दी कि अगर फौरन कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस प्रदेश निर्वाचन आयोग से शिकायत करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि यह आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है और प्रशासन इसे रोकने में विफल रहा है.
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाती है. जिसके तहत किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल प्रचार के लिए नहीं करने दिया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को पहले भी उठा चुकी है. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
बिलासपुर नगर निगम चुनाव में यह मामला एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है. भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. और अब आचार संहिता उल्लंघन का यह आरोप चुनावी माहौल को और गर्म कर सकता है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और क्या यह मामला प्रदेश निर्वाचन आयोग तक पहुंचता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



