छत्तीसगढ़ में बदमाश बेखौफ, रास्ते से हटने को कहा तो ऑटो चालक पर किया चाकू से जानलेवा हमला, वारदात सीसीटीवी में कैद, जांच में जुटी पुलिस
Brazen criminals in Chhattisgarh launched a life-threatening knife attack on an auto-rickshaw driver after he asked them to move out of the way; the incident was captured on CCTV, and the police have launched an investigation.
कोरबा : कोरबा शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं. सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित आर. शिशु मंदिर स्कूल के पास देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक ऑटो चालक वेद बरेठ पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे. इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऑटो चालक वेद बरेठ ने युवकों से रास्ता खाली करने और साइड होने को कहा. इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते हाथापाई से चाकूबाजी तक पहुंच गया.
आरोप है कि युवकों ने ऑटो चालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने फौरन घायल ऑटो चालक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि रात में असामाजिक तत्व खुलेआम सड़कों पर शराब पीते हैं और आए दिन मारपीट और चाकूबाजी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं.
खबर मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



