गणेश विसर्जन के दौरान जमकर बवाल, चाकूबाजी से दो घायल, कहीं चाकू चला तो कहीं पुलिस को भांजनी पड़ी लाठी, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

Chaos erupted during the Ganesh Visarjan procession; two people were injured in a stabbing incident. While knives were brandished in some areas, police had to resort to a lathi-charge in others, raising questions about the administrative arrangements.

गणेश विसर्जन के दौरान जमकर बवाल, चाकूबाजी से दो घायल, कहीं चाकू चला तो कहीं पुलिस को भांजनी पड़ी लाठी, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

बिलासपुर : पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में विवाद और मारपीट की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. सिरगिट्टी के बन्नाक चौक इलाके में चाकूबाजी की घटना में दो युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. वहीं सिटी कोतवाली चौक, सदर बाजार और पचरीघाट विसर्जन स्थल पर भी झड़प और हंगामे की स्थिति बनी. चाकूबाजी के बदमाशों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है.
बन्नाक चौक में चाकूबाजी, दो युवक घायल
जानकारी के मुताबिक बन्नाक चौक माता चौरा और भवानी नगर के युवक गणेश की प्रतिमा विसर्जित कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बड़े बन्नाक के पास कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया. आरोप है कि इसी दौरान बन्नाक चौक माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव उम्र 22 साल और भवानी नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर उम्र 25 साल पर चाकू से हमला कर दिया गया. दोनों घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लाया गया.
शुरुआती तौर पर घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है. हालांकि हमले के आरोपियों के नाम और घटना की पूरी वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है.
घटना पर पुलिस को फौरन जानकारी नहीं मिली
घटना को लेकर एक अहम सवाल यह भी सामने आया कि घायल सिम्स अस्पताल पहुंच चुके थे. लेकिन सिरगिट्टी पुलिस को घटना की जानकारी नहीं थी. मामले को लेकर सिरगिट्टी थाना प्रभारी वायपी सिंह से जानकारी लिए जाने पर उन्होंने बताया कि थाने में ऐसी किसी घटना की खबर अभी तक नहीं मिली है और न ही इस बारे में एफआईआर दर्ज हुई है. ऐसे में सवाल खड़े हो रहे है कि आखिर विसर्जन की के दौरान सिरगिट्टी पुलिस आखिर कहा थी? और सिरगिट्टी पुलिस का सूचना तंत्र क्या कर रहा था?
सदर और कोतवाली चौक पर भी भिड़े दो पक्ष
इधर सदर बाजार के ऊदल चौक और सिटी कोतवाली चौक पर भी विवाद और मारपीट की खबर सामने आई. बताया जा रहा है कि सिटी कोतवाली चौक पर पहले वाहन निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ. जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. मौके पर मौजूद पुलिस बल को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा. इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस के सामने ही दबाव बनाने का प्रयास किए जाने की भी चर्चा रही.
पचरीघाट में हंगामा, तीन युवक थाने भेजे गए
पचरीघाट विसर्जन स्थल पर भी देर रात हंगामे की स्थिति निर्मित हुई. चश्मदीदों के मुताबिक कुछ युवकों के बीच मारपीट के बाद अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और तीन युवकों को पकड़कर थाने भेजा.
गणेश विसर्जन के दौरान लगातार सामने आई इन घटनाओं ने पुलिस की पूर्व तैयारियों और सख्ती के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस सभी घटनाओं की जांच और विवाद में शामिल लोगों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?