बैंक में नौकरी का झांसा देकर धोखाधड़ी, 21 लाख की ठगी, नागपुर के आरोपी शातिर पति-पत्नी को छत्तीसगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार
Chhattisgarh police arrested a couple from Nagpur for allegedly cheating people with the promise of a bank job and defrauding them of Rs 21 lakh.
सक्ती : बैंक में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों ने एक युवक से करीब 21 लाख रुपए की ठगी की थी. मामले का खुलासा पुलिस ने तब किया जब पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बाराद्वार निवासी जयकिशन पिता मनोज अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साथ बैंक में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है. जयकिशन के ससुराल नागपुर में रहने के दौरान उसकी जान-पहचान जनरैल सिंह लोहिया से हुई थी. आरोपी ने खुद को बैंक में नौकरी लगवाने में सक्षम बताते हुए उसे भरोसे में लिया और अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया.
आरोपी जनरैल सिंह और उसकी पत्नी वैशाली लोहिया ने जयकिशन से नगद और बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 20 से 21 लाख रुपए लिया. रकम मिलने के बाद दोनों ने संपर्क तोड़ लिया. काफी समय तक कोई जवाब न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की.
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की. पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर एक विशेष टीम नागपुर रवाना की गई. जांच के दौरान आरोपी दंपत्ति का पता लगाया गया और उन्हें नागपुर से गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जनरैल सिंह पिता लाहौर सिंह उम्र 34 साल और उसकी पत्नी वैशाली जनरैल सिंह लोहिया उम्र 36 साल निवासी नियर इंडियन पेट्रोल पंप, वैशाली नगर, थाना पांचपौली, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) के रुप में हुई है. दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी दंपत्ति ने इस तरह की ठगी की अन्य घटनाएं तो नहीं की हैं. साथ ही, उनके बैंक खातों और लेन-देन के जरिए ठगी की रकम की रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरु कर दी गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



