अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के बीच हंगामा, 13 वर्षीय बालिका ने फिनाइल पीकर की आत्महत्या की कोशिश, मची अफरा-तफरी, इलाज जारी, रोकी गई कार्रवाई
Commotion ensued as an anti-encroachment team arrived; a 13-year-old girl attempted suicide by consuming phenyl, causing panic; she is undergoing treatment, and the operation was halted.
महासमुंद/पिथौरा/लहरौद : महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र स्थित ग्राम लहरौद में प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई. जब एक 13 साल की बच्ची ने कथित तौर पर फिनाइल पीकर खुदकुशी का प्रयास कर लिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अमले को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी.
मिली जानकारी के मुताबिक राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए गांव पहुंची थी. यह कार्रवाई खसरा नंबर 896 और 897 की सरकारी जमीन पर बेदखली आदेश के पालन के तहत की जा रही थी. जहां करीब 0.04 और 0.06 हेक्टेयर जमीन पर निर्माण बताया जा रहा है.
इसी दौरान प्रभावित परिवारों में चिंता और नाराजगी का माहौल बन गया. चश्मदीदों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान योगेश निषाद की नाबालिग बच्ची मालती ने अपने घर को बचाने की गुहार लगाई. लेकिन जब उसे कोई राहत मिलती नजर नहीं आई तो उसने कथित रुप से फिनाइल का सेवन कर लिया.
घटना के फौरन बाद परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत स्थिर बताई है. बालिका की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई रोक दी और टीम वापस लौट गई.
परिवार का कहना है कि वे कई दशकों से उक्त जगह पर रह रहे हैं और उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ भी मिला था. उनका दावा है कि जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है. इसलिए आख़री फैसले से पहले बेदखली की कार्रवाई उचित नहीं थी.
ग्राम पंचायत लहरौद के उपसरपंच रमेश सिन्हा ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले पर्याप्त संवाद और खबर नहीं दी गई. उनका कहना है कि गांव में दुसरी स्थानों पर भी इसी तरह के कब्जे हैं. लेकिन चुनिंदा परिवारों के खिलाफ ही कार्रवाई की गई.
वहीं प्रशासन का पक्ष है कि यह कार्रवाई वैधानिक आदेश और मिली शिकायतों के आधार पर की जा रही थी. अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने और सभी तथ्यों की समीक्षा करने की बात कही है.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



