भाजपा विधायक रायमुनि के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग, आपत्तिजनक बयान से नाराज ईसाई समाज ने 120 किमी पदयात्रा कर सीएम कैंप में सौंपा ज्ञापन
Demand to register FIR against BJP MLA Raimuni Christian community angry with objectionable statement marched 120 km and submitted memorandum in CM camp
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले में ईसाई समाज ने BJP विधायक रायमुनि भगत पर भगवान यीशु पर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया है. उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर समाज के हजारों लोगों ने पदयात्रा निकाली. आस्ता से 120 किलोमीटर तय कर बगीया सीएम कैंप पहुंचे समाज के लोगों ने ज्ञापन सौंपकर विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
इससे पहले इसाई समाज ने नेशनल हाइवे 43 पर 130 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विधायक रायमुनि के बयान का विरोध किया था और कार्रवाई की मांग की थी. इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.
आक्रोशित लोगों ने बताया कि विधायक रायमुनी भगत ने आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम ढेंगनी में आयोजित एक कार्यक्रम में ईसाई धर्म और धर्मांतरण को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की थी. जिले के कई थानों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की शिकायतें दी गईं. इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. सीएम कैंप बगीया में ज्ञापन सौंपकर विधायक रायमुनि के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
जशपुर जिले में विधायक रायमुनि भगत के द्वारा ईसाइयाें के भगवान यीशु पर आपत्तिजनक बयान का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. ईसाई समाज के लोग जशपुर विधायक रायमुनी भगत पर FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं. इसाई समाज ने भाजपा विधायक रायमुनि भगत के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. और प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपने विरोध को और भी व्यापक स्तर पर ले जाएंगे.
इस प्रदर्शन का नेतृत्व ईसाई आदिवासी महासभा के संरक्षक डॉ. पीसी कुजूर, पूर्व विधायक यू.डी. मिंज,अध्यक्ष वाल्टर कुजूर, अनिल किस्पोट्टा, सीडी बाखला ने किया. खास बात यह रही कि इस प्रदर्शन में भाजपा समर्थित ईसाई मतदाता भी शामिल हुए. जो विधायक के बयान से आहत महसूस कर रहे हैं. भाजपा समर्थक सिरजीयूस तिग्गा ने इसे भाजपा की विचारधारा से विपरीत बताया. उन्होंने कहा "मोदीजी के 'सबका साथ, सबका विश्वास' के नारे से प्रभावित होकर मैं भाजपा से जुड़ा. लेकिन पार्टी की ही विधायक अब हमारे विश्वास को तोड़ रही है."
आरोप है कि रायमुनी भगत ने कहा था कि भारत में आज़ादी से पहले कोई ईसाई नहीं था. आठ सौ साल भारत पर मुगलों ने राज किया था लेकिन उन्होंने धर्मांतरण नहीं करवाया था. दो सौ साल ईसाई लोगों ने भारत पर राज किया. उन्हें आदिवासियों ने नाकों चने चबा कर भारत से खदेड़ने का काम किया. लेकिन कुछ लोग जब लड़ाई से, तीर से, तलवार से मुकाबला नहीं कर पाए तो उन्होंन धार्मिक रुप से हमें गुलाम बना लिया. जो 65 लोग थे, आज जशपुर में दो लाख हो गए. ये जो धर्मांतरण है, ये जो चंगाई सभा है, ये कैंसर बीमारी से भी ज्यादा खतरनाक है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



