जमीन के लिए पिता को उतारा मौत के घाट, दोस्त के साथ मिलकर खूनी वारदात को दिया अंजाम, महज छह घंटे के भीतर मालिकराम गिरफ्तार
Father was killed for land, along with friend he carried out the bloody crime, Malikram was arrested within six hours
रायगढ़ : रायगढ़ जिला के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कठरापाली में 62 साल के नत्थुराम चौहान की हत्या के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मृतक के बेटे मालिकराम चौहान और उसके साथी सजन अगरिया को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक 2 सितंबर की सुबह ग्राम कठरापाली बगईढोडहा स्थित खेत-बाड़ी में नत्थुराम चौहान का लहूलुहान शव मिला. खबर मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू मौके पर पहुंचे और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में शक नत्थुराम के बेटे मालिकराम पर गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसमें उसने अपने साथी सजन अगरिया के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया.
आरोपी मालिकराम ने बताया कि वह अपने पिता की जमीन बेचना चाहता था. लेकिन नत्थुराम इसके लिए तैयार नहीं थे. इसी रंजिश के चलते मालिकराम और सजन ने 1 सितंबर की रात हत्या की योजना बनाई. घटना वाली रात सजन अगरिया ने मृतक को घरवालों के बुलाने का बहाना बनाकर बाहर बुलाया और जैसे ही वह निकले. मालिकराम ने टांगी से उन पर जानलेवा हमला कर हत्या कर दी. दोनों आरोपियों ने घटना को चोरी का रुप देने के लिए बोरवेल पंप का तार काटकर टांगी और तार खेत में फेंक दिया. जिससे चोरी के लिए हत्या मालुम हो.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 228/2025 धारा 103(1), 61(2), 49, 238, 3(5) बीएनएस के तहत अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया.
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में महज छह घंटे में इस हत्या का पर्दाफाश किया गया.
इस कामयाबी में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक परासमणी बेहरा, आरक्षक हरीश पटेल, उधो पटेल और चंद्रशेखर चंद्राकर की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



