महिला एसआई ने मांगी 5000 की रिश्वत, एसपी ने किया लाइन अटैच, 71 पटवारियों को नोटिस जारी, वनमंडल के रेंजर देवदत्त खाण्डे सस्पेंड, सहायिका बर्खास्त
Female SI asked for bribe of Rs 5000 SP attached line notice issued to 71 Patwaris Forest Division Ranger Devdutt Khande suspended assistant dismissed
लापरवाही बरतने पर 71 पटवारियों को नोटिस, गिरदावरी सत्यापन में मिली खामियां
बिलासपुर : गिरदावरी काम में लापरवाही बरतने पर 71 पटवारियों को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है. कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित एसडीएम ने जांच में विसंगति पाए जाने पर नोटिस दिया गया. दो दिनों में उनसे जवाब तलब किया गया है.
संयुक्त कलेक्टर मनीष साहू ने बताया कि इनमें कोटा अनुविभाग में 9, बिल्हा में 9, तखतपुर में 42 और बिलासपुर में 11 पटवारियों को नोटिस इश्यू किया गया है. ग्रामों में संबंधित पटवारियों के द्वारा किये गये गिरदावरी कार्य के भौतिक सत्यापन का निरीक्षण किया गया.
उक्त निर्देश के परिपालन में सभी तहसीलों के अंतर्गत आने वाले कई ग्रामों में पटवारियों के द्वारा किये गये गिरदावरी कार्य का भौतिक सत्यापन किया गया. अकेले तहसील तखतपुर अंतर्गत आने वाले ग्रामों क्रमशः मोढ़े, गिरवीना माँछ, अचानकपुर गमजू, पेण्डी, उमरिया सल्टैया बाजार सिंधनपुरी, राजपूर टिदुलाडीट, टिंगीपुर, नेक्सा पचबटर टिकरी, चोरटा सिंघनपुरी, नगोई, खम्हरिया, दरी, पकरिया, हरदी, निगारबंद, बेलसरी चितावर अचानकपुर में की गई गिरदावरी अंतर्गत फसल प्रविष्टि में त्रुटियां पाई गई.
संबंधित ग्राम के हल्का पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर अनिवार्य रुप से जवाब पेश करने के लिए निर्देशित किया गया है. जवाब संतोषप्रद नहीं पाये जाने पर संबंधित पटवारियों के खिलाफ एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
महिला एसआई ने मांगी 5000 रुपए की रिश्वत, एसपी ने किया लाइन अटैच, होगी जांच
बिलासपुर : पुलिस पर अवैध वसूली के आरोप अक्सर लगते ही रहते हैं. अब तक कई वीडियो भी वायरल हो चुके है, जिस पर उच्च अधिकारियों द्वारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई भी की जाती है. एक बार फिर अवैध वसूली का मामला सामने आया है. जिसमें शहर के सिविल लाइन थाने में पदस्थ महिला एसआई संतरा चौहान ने चालान पेश करने के नाम पर 5000 रुपए की डिमांड की है. जिसका वीडियो भी सामने आया है.
इस मामले में प्रार्थी की शिकायत पर एसपी रजनेश सिंह ने फौरन कार्रवाई करते हुए महिला एसआई संतरा चौहान को लाइन अटैच कर दिया है. वही विभागीय जांच कर रिपोर्ट सौंपने आदेश दिए हैं. जिसकी जांच नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह द्वारा की जा रही है. वही जांच के बाद अलग से से अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी.
शिकायतकर्ता के मुताबिक सिविल लाइन थाने में पदस्थ एसआई संतरा चौहान ने उनके खिलाफ दर्ज मामले में चालान पेश करने के बदले 5000 रुपये की रिश्वत मांगी थी. इस रिश्वत की मांग को लेकर पीड़ित ने एक महीने पहले ही एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज करवाई थी. ब्यूरो के अधिकारियों ने शिकायत को जांच में लेने के लिए पुख्ता सबूत पेश करने की बात कही थी और पीड़ित को रिश्वत की मांग का वीडियो या ऑडियो सबूत बनाकर लाने को कहा था.
इसके बाद पीड़ित ने एसआई संतरा चौहान का रिश्वत मांगते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे एंटी करप्शन ब्यूरो के सामने पेश किया. हालांकि ब्यूरो की तरफ से फौरन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. जिससे पीड़ित निराश हुआ. आखिरकार उसने अपनी शिकायत पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से लिखित में की और एसआई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
कटघोरा वनमंडल के रेंजर देवदत्त खाण्डे सस्पेंड
रायपुर : छत्तीसगढ़ के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख ने वनमंडल कटघोरा में पदस्थ रेंजर देवदत्त खाण्डे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन की यह कार्यवाही रेंजर देवदत्त खाण्डे द्वारा एतमानार परिक्षेत्र अंतर्गत पी.ओ.आर. मामलों की जांच और वन अपराध तथा वन्यजीवों के अवैध शिकार के रोकथाम और जांच में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने की वजह से की गई है.
गौरतलब है कि वन विभाग को रेंजर देवदत्त खाण्डे के खिलाफ बिना काम कराए प्रमाणक पेश करने की शिकायत विभाग को मिली थी. जिसकी जांच वनमंडलाधिकारी, कटघोरा द्वारा की गई. जांच में उक्त शिकायत सही पायी गई.
रेंजर खाण्डे के खिलाफ जांच-पड़ताल में यह भी पाया गया कि वे एतमानार परिक्षेत्र अंतर्गत पी.ओ.आर. मामलों की जांच और वन अपराध तथा वन्यजीवों के अवैध शिकार के रोकथाम में नाकाम रहे हैं. जिसके चलते प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत शासकीय काम और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए पर निलंबित कर दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
कुएं में बच्ची के डूबने से मौत का मामला, तेंदुभाठा आंगनबाड़ी की कार्यकर्ता, सहायिका पद से बर्खास्त
धमतरी/मगरलोड : परियोजना कार्यालय मगरलोड अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र तेंदुभाठा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की लापरवाही से केंद्र में पढ़ने वाली तीन साल की छात्रा की कुएं में डूबने से मौत हो गई थी. इस मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को पद से बर्खास्त कर दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना मगरलोड कार्यालय अंतर्गत ग्राम तेंदुभाठा के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाली छात्रा कुमारी सेजल ध्रुव उम्र 3 साल की 23 अक्टूबर को कुएं में डूबने से मौत हो गई थी. इस घटना से मृतक के माता-पिता और परिवार सदमे में है.
महिला बाल विकास परियोजना कार्यालय मगरलोड की टीम घटना ग्राम कार्यकर्ता,सहायिका, पीड़ित परिवार और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक कर लिखित ब्यान दर्ज किया गया. सैकड़ों ग्रामीण महिला, पुरुष लिखित में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका की लापरवाही की वजह से बालिका की मौत पर दोषी पाया बताया गया. कार्यकर्ता, सहायिका को पद से बर्खास्त करने के बाद ही केन्द्र में अन्य बच्चों को पढ़ने भेजने पर अड़े हुए थे.
जारी आदेश में बताया कि मौत के बारे में संबंधित पर्यवेक्षक सेक्टर से मिले जांच प्रतिवेदन और ग्रामवासीयों के बयान से कार्यकर्ता / सहायिका द्वारा काम में गंभीर लापरवाही किये जाने की वजह से घटना होना स्पष्ट प्रमाणित होना पाया गया.
छत्तीसगढ शासन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा जारी नियुक्ति निर्देर्शिका की कंडिका 13.1 एवं 13.2 एवं 13.3 के मुताबिक कार्यकर्ता / सहायिका द्वारा गंभीर अनियमिता प्रमाणित होने की स्थिति में निर्देश की कंडिका 13.6 (स्पष्टीकरण) का पालन करते हुए सेवा से अलग किये जाने के लिए प्रस्ताव शासन द्वारा गठित मूल्यांकन समिति के सामने 28 अक्टूबर को बैठक रखा गया.
मूल्यांकन समिति की बैठक में पेश जांच प्रतिवेदन और ग्रामवासीयों के बयान से आंगनबाडी केन्द्र तेन्दुभांठा की कार्यकर्ता / सहायिका के द्वारा काम में गंभीर लापरवाही बरतने की वजह से घटना होना और दूसरी शिकायत भी प्रमाणित होने की दशा में मूल्यांकन समिति द्वारा इन्हें सेवा से बर्खास्त किये जाने का प्रस्ताव पारित किया गया.
स्वास्थ्य एवं महिला बाल कल्याण की स्थायी समिति की बैठक में भी अनुमोदन प्राप्त होने के फलस्वरुप आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भुनेश्वरी बाई साहू, सहायिका उत्तम बाई नेताम को पद से सेवा समाप्त / बर्खास्त किया जाता है.
इस बारे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की जिला अध्यक्ष रेवती वत्सल ने कहा कि सीधे बर्खास्त कर दिया गया. पहले नोटिस देना था. इसे संघ द्वारा संज्ञान में लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



