“शिक्षक दो, नहीं तो स्कूल में लगेगा ताला!” 50 KM दूर कलेक्टर ऑफिस पहुंचे छात्र, बोले- हमारा भविष्य बर्बाद हो रहा
“Give us teachers, otherwise the school will be locked!” Students reached the Collector's Office 50 KM away and said - our future is being ruined
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था की हालत पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. बलौदाबाजार जिले के टुनद्रा नगर पंचायत में सरकारी दावों की पोल उस वक्त खुल गई. जब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं शिक्षकों की भारी कमी के खिलाफ 50 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए. अपने भविष्य की चिंता में छात्रों ने प्रशासन को सीधी चेतावनी दे डाली है.
30 की जगह सिर्फ 8 शिक्षक, कैसे होगी पढ़ाई?
कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उनके स्कूल में शिक्षकों के 30 पद स्वीकृत हैं. लेकिन वर्तमान में सिर्फ 8 शिक्षक ही पदस्थ हैं. इस वजह से गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे मुख्य विषयों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है. 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों का कहना है कि शिक्षकों के बिना वे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कैसे करेंगे? उनका पूरा साल और भविष्य दांव पर लगा है.
‘युक्तियुक्तकरण’ ने छीने शिक्षक, अधर में लटका भविष्य
छात्रों ने आरोप लगाया कि पहले स्कूल में कुछ शिक्षक थे. लेकिन सरकार की ‘युक्तियुक्तकरण’ प्रक्रिया के तहत उनका ट्रांसफर दूसरी जगहों पर कर दिया गया. इस प्रक्रिया ने स्कूल को शिक्षकों से लगभग खाली कर दिया. जिसका सीधा खामियाजा अब उन्हें भुगतना पड़ रहा है. प्रशासन की एक नीति ने उनके भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है.
मांगें पूरी नहीं हुई तो करेंगे उग्र आंदोलन
गुस्साए छात्रों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर फौरन ध्यान नहीं दिया गया तो वे बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे. उन्होंने कहा, “अगर एक हफ्ते के अंदर हमारे स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई. तो हम स्कूल का बहिष्कार करेंगे और स्कूल के गेट पर ताला लगा देंगे.
अब गेंद प्रशासन के पाले में है। देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इन बच्चों के भविष्य को लेकर कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



