बाबा बछराज कुंवर धाम दर्शन के बाद छाया मातम, पेड़ से टकराई श्रद्धालुओं की अर्टिगा, एक श्रद्धालु की दर्दनाक मौत, सात घायल, दो गंभीर

Gloom descends after visit to Baba Bachraj Kunwar Dham; pilgrims' Ertiga crashes into a tree—one pilgrim dies a tragic death, seven injured, two critically.

बाबा बछराज कुंवर धाम दर्शन के बाद छाया मातम, पेड़ से टकराई श्रद्धालुओं की अर्टिगा, एक श्रद्धालु की दर्दनाक मौत, सात घायल, दो गंभीर

बलरामपुर-रामानुजगंज : छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के प्रमुख आस्था केंद्र बाबा बच्छराज कुंवर धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक अर्टिगा कार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मानिकपुर जंगल में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि सात लोग घायल हो गए. इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड के गढ़वा जिले के ग्राम चिनिया निवासी श्रद्धालु अर्टिगा वाहन से बाबा बच्छराज कुंवर धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना करने आए थे. दर्शन के बाद वापस लौटते समय मानिकपुर जंगल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा।हादसे में जितन तुरी उम्र 55 साल, निवासी ग्राम चिनिया, झारखंड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इस हादसे में राजेश तुरी उम्र 38 साल, संदीप तुरी उम्र 20 साल, जयप्रकाश यादव उम्र 32 साल, विनोद तुरी उम्र 35 साल, प्रभुनाथ उम्र 65 साल, अनिल तुरी उम्र 31 साल और सुनी तुरी, सभी निवासी ग्राम चिनिया (झारखंड), घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि वाहन मालिक जयप्रकाश यादव खुद कार चला रहे थे. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. वहीं राजेश तुरी की हालत भी नाजुक बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज जारी है.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय कुमार ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. गंभीर घायलों की हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के वजह की जांच की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?