जल जगार महोत्सव में हाफ मैराथन, रायपुर सहित कई जिलों से प्रतिभागियों और दर्शकों का हुआ आगमन, जुंबा डांस पर थिरके लोग
Half Marathon in Jal Jagar Mahotsav participants and spectators arrived from many districts including Raipur people danced on Zumba dance
धमतरी : धमतरी जिले के महानदी तट पर गंगरेल डैम में आयोजित दो दिवसीय जल जगार महोत्सव के दूसरे दिन रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों से प्रतिभागियों और दर्शकों का आगमन हुआ. इस दौरान जल ओलंपिक के प्रति लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों ने कयाकिंग, तैराकी, बनाना राइड, फ्री स्टाइल स्विमिंग, फ्लैग रेस, थ्रो रो और रिवर क्रॉसिंग जैसी गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया.
गंगरेल में महानदी तट पर जल जगार महोत्सव कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह हाफ मैराथन का आयोजन किया गया. इस दौरान सैकड़ों लोगों ने मैराथन के जरिए जल जागरुकता आयोजन में हिस्सा लिया. ये मैराथन गंगरेल डैम के मुहाने से शुरु होकर तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया. इसमें गंगरेल हाफ मैराथन, एन्डुरन्स रन और वॉकेथॉन शामिल है.
इस मौके पर रायपुर के संजय बच्चानी, अमित गोयल और राकेश ने धमतरी में जल संरक्षण के लिए किए गए सामुदायिक प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज का हर व्यक्ति इसमें योगदान दे सकता है.
प्रतिभागियों ने गिरते भूजल स्तर, पेड़ों की कटाई और मिट्टी के कटाव जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए जल और पर्यावरण संरक्षण हेतु वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं और पौधारोपण के महत्व पर जोर दिया. बिलासपुर से आए प्रतिभागी वेदांत वर्मा ने बताया कि तैराकी उनका शौक है, और वे जल ओलंपिक में भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना चाहते हैं. उनका कहना था, “जल है तो कल है.”
गौरतलब है कि गंगरेल हाफ मैराथन के तहत 21.1 किलोमीटर का मैराथन में 18 से 29 साल, 30 से 49 साल तक की आयु वर्ग और 50 साल से ज्यादा उम्र के प्रतिभागी हिस्सा लिया. इसी तरह एन्डुरन्स रन के तहत 10 किलोमीटर का मैराथन में 15 से 29 साल, 30 से 49 साल तक की उम्र और 50 साल से ज्यादा उम्र के प्रतिभागी शामिल हुए. इसके साथ ही पारिवारिक मनोरंजन के लिए वॉकेथॉन के तहत 5 किलोमीटर का मैराथन में पुरुष और महिला दोनों श्रेणी में लोग हिस्सा लेते नजर आए. मालुम हो कि यह पूरा आयोजन गंगरेल डैम के गेट से लेकर कुकरेल तक आयोजित किया गया और इससे पहले स्वस्थ तन मन के लिए ज़ुंबा करते कई धुनों पर लोग थिरकते भी नजर आए.
जिला प्रशासन ने जल जगार महोत्सव में जल ओलंपिक के लिए गंगरेल बांध में प्रतिभागियों के लिए लाइफ जैकेट, मेडिकल किट सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



