धमतरी में राइस मिलों पर प्रशासन की कार्रवाई, 1.77 करोड़ का अवैध धान जब्त, इधर 1450 कट्टा जप्ती, कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप

In Dhamtari, the administration cracked down on rice mills, seizing illegal paddy worth 1.77 crore rupees, and seized 1,450 bags, causing panic among traders and middlemen.

धमतरी में राइस मिलों पर प्रशासन की कार्रवाई, 1.77 करोड़ का अवैध धान जब्त, इधर 1450 कट्टा जप्ती, कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप

1.77 करोड़ का अवैध धान जब्त

धमतरी : धमतरी जिले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागों में राइस मिलों की सघन जांच और भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीमों द्वारा की गई.
इस अभियान के दौरान धमतरी अनुविभाग की कविता राइस मिल और अजय ट्रेडिंग कंपनी (देमार), नगरी अनुविभाग की एस.के. फूड्स एवं ए.एस.डब्ल्यू. राइस मिल तथा कुरुद अनुविभाग की श्री लक्ष्मी राइस मिल में छापामार कार्रवाई की गई. जांच के समय स्टॉक और अभिलेखों के मिलान में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.
जांच में पाया गया कि कुछ राइस मिलरों द्वारा निर्धारित मापदंडों के खिलाफ भारी मात्रा में अवैध धान का भंडारण किया गया था. वहीं एक राइस मिल में बड़ी मात्रा में धान की कमी भी दर्ज की गई. इन सभी मामलों में मंडी अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत अवैध धान की जब्ती की कार्रवाई की गई.
मिल-वार जांच में कविता राइस मिल में 250 क्विंटल, अजय ट्रेडिंग कंपनी देमार में 105 क्विंटल, एस.के. फूड्स में 76 क्विंटल और ए.एस.डब्ल्यू. राइस मिल में 72 क्विंटल अतिरिक्त धान पाया गया. वहीं कुरुद अनुविभाग की श्री लक्ष्मी राइस मिल में 6989 क्विंटल धान की गंभीर कमी सामने आई. जब्त और अनियमित धान का कुल अनुमानित मूल्य ₹1,77,42,963 (एक करोड़ सतहत्तर लाख बयालीस हजार नौ सौ तिरसठ रुपये) आंका गया है.
कलेक्टरअबिनाश मिश्रा ने इस कार्रवाई को शासन की शून्य सहिष्णुता नीति का स्पष्ट उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कस्टम मिलिंग जैसी अहम योजनाओं में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही सभी मिलर्स को सख्त चेतावनी देते हुए शासन के साथ ईमानदारी से मदद करने के निर्देश दिए. जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी राइस मिलों पर लगातार निगरानी और औचक निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

1450 कट्टा धान जप्ती

सक्ती : कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिले भर में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं. इसी कड़ी में डभरा, सक्ती और जैजैपुर क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने करीब 1450 कट्टा अवैध धान जब्त किया है. इस कार्रवाई से धान कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक डभरा क्षेत्र में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विनय कश्यप के नेतृत्व में 10 जनवरी की रात करीब 2 बजे देवरघटा से धुरकोट मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की गई. जांच के दौरान पांच ट्रैक्टरों को रोका गया. जिनमें अवैध तरीके से धान का परिवहन किया जा रहा था. हर ट्रैक्टर में करीब 150-150 कट्टा धान लोड पाया गया.
वाहन चालकों से धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, अनुमति पत्र या मंडी रसीद मांगी गई. लेकिन वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके. इसके बाद पांचों ट्रैक्टरों सहित धान को जब्त कर चौकी फगुरम में सुरक्षार्थ रखा गया. इस मामले में पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
इसी तरह सक्ती में एसडीएम अरुण कुमार सोम के नेतृत्व में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पोरथा निवासी मुकेश राठौर के पास से करीब 400 बोरी (करीब 150 क्विंटल) धान जब्त किया। यह धान भी बिना किसी वैध दस्तावेज के संग्रहित पाया गया था.
वहीं जैजैपुर क्षेत्र में 11 जनवरी की सुबह प्रशासन की टीम ने एक ट्रैक्टर और एक मासदा वाहन को रोका, जिनमें करीब 300 बोरी धान अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा था. जांच के दौरान संबंधित पक्षों द्वारा न तो अनुमति पत्र पेश किया गया और न ही मंडी रसीद या टोकन. इसके बाद दोनों वाहनों सहित धान को जब्त कर चौकी जैजैपुर में सुरक्षित रखा गया है.
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि में अवैध परिवहन, भंडारण और कालाबाजारी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी. प्रशासन ने धान व्यापारियों और किसानों से अपील किया है कि वे सिर्फ वैध दस्तावेजों के साथ ही धान का परिवहन और भंडारण करें। वरना सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB