शराब के विवाद में नाबालिग को उतारा मौत के घाट, लकड़ी के छिलके से सिर पर किया वार, 12 घंटे में आरोपी बुधराम गिरफ्तार, सदमे में गांव में मातम का माहौल

Minor beaten to death amidst a dispute over alcohol; struck on the head with a piece of wood. Accused Budhram arrested within 12 hours; the village is in a state of shock and mourning.

शराब के विवाद में नाबालिग को उतारा मौत के घाट, लकड़ी के छिलके से सिर पर किया वार, 12 घंटे में आरोपी बुधराम गिरफ्तार, सदमे में गांव में मातम का माहौल

जगदलपुर/दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शराब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने नाबालिग के सिर पर लकड़ी के छिलके से हमला कर दिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का छिलका भी बरामद किया गया है. यह मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक हितामेटा राऊतपारा निवासी नाबालिग 27 सितंबर की शाम करीब 6 बजे घर से गांव में घूमने के लिए निकला था. इसके बाद रात करीब 8 बजे वह गांव में रहने वाले बुधराम पोडियामी उम्र 44 साल के घर पहुंचा. इसी दौरान शराब को लेकर दोनों के बीच किसी बात पर विवाद शुरू हो गया.
बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई. लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में बुधराम ने पास में रखे लकड़ी के छिलके से नाबालिग के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से नाबालिग की मौत हो गई. खुनी वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया.
वारदात की खबर मिलते ही बारसूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले से जुड़े सबूत जुटाए. आसपास मौजूद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की गई. पुलिस ने वारदात के समय नाबालिग की गतिविधियों और उसके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई.
जांच के दौरान बुधराम पोडियामी की भूमिका संदिग्ध पाई गई. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने शराब को लेकर हुए विवाद के दौरान नाबालिग के सिर पर लकड़ी के छिलके से वार करने की बात कबूल की.
आरोपी के बयान के बाद पुलिस उसे साथ लेकर घटनास्थल से जुड़े स्थान पर पहुंची. उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का छिलका बरामद किया गया. पुलिस ने इसे जब्त कर मामले की जांच में शामिल किया है. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी की तलाश और सबूत जुटाने की कार्रवाई तेजी से की गई. वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया. इससे पहले पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए थे.
इस मामले में आरोपी बुधराम पोडियामी उम्र 44 साल निवासी हितामेटा राऊतपारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 17/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है. आरोपी को 28 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे दंतेवाड़ा की अदालत में पेश किया गया. जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
इस वारदात के बाद हितामेटा राऊतपारा गांव में मातम का माहौल है. नाबालिग की अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है. वहीं पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb