दहेज और बेटियां पैदा होने के बाद विवाहिता की गला घोंटकर हत्या, सुसाइड दिखाने फंदे पर शव लटकाया, आरोपी पति रोहित समेत देवर और सास गिरफ्तार
A married woman was strangled to death following disputes over dowry and the birth of daughters; her body was hung from a noose to stage it as a suicide. The accused husband, Rohit, along with his brother and mother, have been arrested.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दहेज की मांग और लगातार दो बेटियां पैदा होने के बाद एक 26 साल की विवाहिता की हत्या कर दी गई. आरोपियों ने हत्या के बाद शव को फांसी के फंदे पर लटकाकर खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है. अदालत ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सकर्रा की रहने वाली दुर्गा निर्मलकर की शादी वर्ष 2022 में ग्राम सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुआ था. शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया. मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. उन पर मायके से एक लाख 65 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था.
26 सितंबर को ससुराल में विवाद के दौरान आरोपियों ने दुर्गा की पिटाई की और पट्टे से उसका गला घोंट दिया. जिससे मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के लिए मृतका की साड़ी से शव को कमरे में फंदे पर लटका दिया.
शव कैसे मिला
पड़ोसियों ने कमरे में महिला का शव लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा. परिजन उसे अस्पताल ले गए. नाजुक हालत देखकर उसे सिम्स अस्पताल भेजा गया. जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. पुलिस ने जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई है.
गिरफ्तारी और स्वीकारोक्ति
पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म करना कबूल किया. उन्होंने बताया कि पैसे की मांग और विवाद के दौरान मारपीट हुई और पट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी गई.
पुलिस ने पति रोहित निर्मलकर (उम्र 30 साल), देवर मोहित निर्मलकर (उम्र 25 साल) और सास ठगिया निर्मलकर (उम्र 60 साल) के खिलाफ मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया. अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



