दफनाने के 3 दिन बाद खोदी गई नवविवाहिता की कब्र, मायके वाले बोले- पति ने अफेयर के शक में मार-डाला, हसबैंड बोला-बीमारी से गई जान, फैली सनसनी

Newlywed's grave dug up three days after burial; her family alleges husband killed her over suspicion of an affair, while the husband claims she died of illness; incident sparks a sensation.

दफनाने के 3 दिन बाद खोदी गई नवविवाहिता की कब्र, मायके वाले बोले- पति ने अफेयर के शक में मार-डाला, हसबैंड बोला-बीमारी से गई जान, फैली सनसनी

कोरबा : कोरबा में श्यांग थाना क्षेत्र के छिरहुट गांव में 16 जून को दफनाई गई 23 साल की नवविवाहिता घूरई बाई का शव शुक्रवार को कब्र से निकाला गया. मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी. पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कुमा जिला रायगढ़ की घूरई बाई की शादी तीन साल पहले छिरहुट गांव के दिलीप बैगा उम्र 26 साल से हुई थी। दंपती का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है. 16 जून को पति दिलीप ने घूरई की अचानक तबीयत खराब होने से मौत की खबर दी. इसके बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को दफना दिया था. मृतिका के मायके पक्ष को मौत की खबर पर शक हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि पति दिलीप चरित्र शंका को लेकर अक्सर घूरई से विवाद करता था. मायके वालों का कहना है कि दिलीप ने हत्या कर शव को दफना दिया है.
शक के आधार पर मायके वालों ने श्यांग थाना पुलिस से शिकायत की. उन्होंने शव के उत्खन की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद श्यांग थाना पुलिस हरकत में आई. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एसडीओपी, थाना प्रभारी और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची. जिला प्रशासन की ओर से नए तहसीलदार भी मौजूद थे. उनकी मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई. खुदाई के दौरान बड़ी तादाद में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए. पुलिस टीम ने शव को कब्र से निकालकर पंचनामा किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मृतिका के डेढ़ साल के बच्चे की परवरिश को लेकर भी गांव में चर्चा है।.मायके वालों का कहना है कि अगर हत्या साबित होती है तो बच्चे को इंसाफ मिलना चाहिए. वहीं पति दिलीप बैगा ने हत्या के आरोपों को निराधार बताया है. उसका कहना है कि पत्नी की मौत बीमारी से हुई है. श्यांग थाना पुलिस ने मृतिका के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है.
पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा होगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. जहां एक तरफ पति का बीमारी से मौत का दावा है. तो वहीँ दूसरी तरफ मायके वालों का हत्या का आरोप है. इस पूरे मामले ने गांव को दो धड़ों में बांट दिया है. पुलिस अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t