बीजेपी विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा, आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर प्रदेशभर के तहसीलदार-नायब तहसीलदार, कामबंद एवं सामूहिक अवकाश
Opened a front against the BJP MLA, Tehsildars and Naib Tehsildars across the state on indefinite strike from today, work stoppage and mass leave.
सरगुजा : उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट, जिला सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक के साथ शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान घटित मारपीट, अभद्रता एवं शासकीय कार्य में बाधा की गंभीर घटना के बारे में आज तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने गहरा रोष एवं चिंता व्यक्त की.
संघ द्वारा बताया गया कि 27 मई 2026 को उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक अपने न्यायालयीन और राजस्व दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे. इसी दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और सरकारी काम में बाधा पैदा किए जाने की गंभीर घटना घटित हुई. संघ के मुताबिक यह घटना सिर्फ एक अधिकारी के साथ हुई व्यक्तिगत घटना नहीं है. बल्कि पुरे राजस्व प्रशासन, न्यायालयीन व्यवस्था औउर विधिसम्मत प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गरिमा पर सीधा हमला है.
घटना के खिलाफ छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा दिनांक 29 मई 2026 को प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया गया था. और शासन एवं प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई थी. इसके बावजूद आज तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होने से प्रदेश के राजस्व अधिकारियों एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों में गहरा आक्रोश एवं असंतोष व्याप्त है.
संघ का कहना है कि अगर कर्तव्य निर्वहन कर रहे एक न्यायालयीन अधिकारी और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ हुई इतनी गंभीर घटना में भी त्वरित गिरफ्तारी और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित नहीं होती है. तो इससे प्रदेशभर के अधिकारियों का मनोबल प्रभावित होगा और निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्यवाही करने वाले अधिकारियों के सामने डर और दबाव का वातावरण निर्मित होगा.
उल्लेखनीय है कि उक्त घटना के खिलाफ प्रदेश के कई अधिकारी और कर्मचारी संगठनों द्वारा भी खुलकर समर्थन व्यक्त किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ द्वारा निंदा एवं समर्थन प्रस्ताव पारित करते हुए घटना की कड़ी भर्त्सना की गई है और शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है.
इसी प्रकार राजस्व पटवारी संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा भी घटना की तीव्र निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्यवाही की मांग की गई है और छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मांगों का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया है.
संघ ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों द्वारा प्राप्त यह व्यापक समर्थन इस बात का प्रमाण है कि यह केवल एक अधिकारी का विषय नहीं है. बल्कि पुरे प्रशासनिक व्यवस्था, विधिसम्मत कार्यप्रणाली एवं शासकीय सेवाओं की गरिमा से जुड़ा हुआ विषय है.
छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की समस्त जिला कार्यकारिणियों द्वारा लिए गए फैसले के मुताबिक 1 जून 2026 से प्रदेश के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनिश्चितकालीन कलमबंद, कामबंद एवं सामूहिक अवकाश पर रहेंगे.
संघ ने साफ किया है कि यह फैसला पुरे शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से लिया गया है और यह तब तक प्रभावशील रहेगा जब तक कि घटना में सम्मिलित मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं हो जाती.
संघ ने शासन से फिर से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल प्रभाव से दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और राजस्व अधिकारियों एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वतंत्र कार्यप्रणाली की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं.
संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई. तो प्रदेशभर में राजस्व, न्यायालयीन एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



