वाहन चोर गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, बर्खास्त पुलिसकर्मी दिनेश टंडन समेत 4 गिरफ्तार, इनोवा-बुलेट-KTM और ट्रैक्टर चोरी की कई वारदातों का खुलासा
Police bust vehicle theft gang; four arrested, including dismissed policeman Dinesh Tandon; multiple cases of Innova, Bullet, KTM, and tractor thefts solved.
रायपुर : रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी साहिल राय समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में महासमुंद का बर्खास्त पुलिसकर्मी दिनेश कुमार टंडन भी शामिल है. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद गैरेज के बाहर से चोरी की गई इनोवा क्रिस्टा कार बरामद की है.
जांच में आरोपियों द्वारा रायपुर के अलग-अलग स्थानों से बुलेट, KTM, एक्टिवा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों के अलावा दो ट्रैक्टर चोरी करने की जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए वाहनों को अलग-अलग लोगों के जरिए बेचने का नेटवर्क भी सामने आया है. पुलिस अब चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
एक्टिवा बनवाने पहुंचा था गैरेज, चुपके से रख ली इनोवा की चाबी
वाहन चोरी के मामले में सबसे पहले विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम दोदेखुर्द स्थित रूद्रांश मोटर गैरेज से चोरी हुई इनोवा क्रिस्टा की जांच की गई. गैरेज के बाहर खड़ी सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा नम्बर CG 04 NL 2725 चोरी होने की शिकायत पर विधानसभा थाने में अपराध दर्ज किया गया.
मुख्य आरोपी साहिल राय एक्टिवा बनवाने के बहाने गैरेज पहुंचा था. उस समय गैरेज में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था. इसी दौरान उसकी नजर वहां रखी इनोवा की चाबी पर पड़ी और उसने चाबी अपने पास रख ली. इसके बाद 5 सितंबर 2026 की रात करीब 11.30 बजे साहिल दोदेखुर्द स्थित गैरेज पहुंचा. पहले से अपने पास रखी चाबी से उसने इनोवा क्रिस्टा का लॉक खोला और कार लेकर वहां से निकल गया.
समोदा पहुंचा तो टायर खराब, मंदिर के पास छोड़कर भागा
इनोवा लेकर आरोपी समोदा की ओर चला गया। वहां पहुंचने के बाद कार का टायर खराब हो गया. इसके बाद आरोपी ने वाहन को मेला स्थल मंदिर के पास खड़ा कर दिया और उसी कार में सो गया. सुबह उठने के बाद आरोपी ने कार को लॉक किया और वहां से फरार हो गया। इधर वाहन चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज के आधार पर साहिल राय शक के घेरे में आया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में इनोवा चोरी करने की बात सामने आने के बाद उसकी निशानदेही पर इनोवा क्रिस्टा CG 04 NL 2725 और उसकी चाबी बरामद कर ली गई. इनोवा चोरी की जांच के दौरान जब पुलिस ने साहिल से उसके साथियों और पूर्व की वारदातों के बारे में पूछताछ की तो वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हुआ.
मेकाहारा से बुलेट और KTM चोरी
साहिल ने पूछताछ में बताया कि करीब एक साल पहले मेकाहारा चिरघर के पास से एक बुलेट चोरी की थी. इसके कुछ दिन बाद उसने वहीं से KTM मोटरसाइकिल भी चोरी की. आरोपी के मुताबिक चोरी की बुलेट को संजीव दत्ता के जरिए अमरजीत उर्फ बंटी को करीब 20 हजार रुपए में बेचा गया.
घड़ी चौक पार्किंग से भी चुराई बुलेट
साहिल ने घड़ी चौक स्थित पार्किंग से एक और बुलेट चोरी करने की जानकारी पुलिस को दी. इस वाहन को भी उसने संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत उर्फ बंटी को करीब 20 हजार रुपए में बेचने की बात बताई.
आमासिवनी से चोरी बुलेट ओडिशा भेजी
पूछताछ में आमासिवनी मेन रोड से बुलेट चोरी करने की जानकारी भी सामने आई. पुलिस के अनुसार साहिल ने यह बुलेट संजीव दत्ता के साथ मिलकर ओडिशा में अपने परिचित पितबास को बेचने की बात बताई है.
शराब दुकान से भाई के साथ चुराई स्प्लेंडर
करीब 5 से 6 महीने पहले आमासिवनी स्थित शराब दुकान से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी आरोपी ने दी। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में साहिल के साथ उसका भाई अभिषेक राय भी शामिल था. इस वाहन के बारे में थाना पंडरी पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है.
मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी
करीब 2 से 3 महीने पहले तेलीबांधा मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी की गई. साहिल ने चोरी की एक्टिवा अपने परिचित संजीव दत्ता को चलाने के लिए देने की बात बताई है.
धनसुली से दो ट्रैक्टर चोरी
वाहन चोरी के इस गिरोह ने दोपहिया वाहनों के साथ ट्रैक्टरों को भी निशाना बनाया. पुलिस पूछताछ में करीब तीन महीने पहले ग्राम धनसुली के एक बाड़े से लाल रंग का ट्रैक्टर चोरी करने की जानकारी सामने आई. आरोपी के मुताबिक चोरी किए गए इस ट्रैक्टर को उसने संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत उर्फ बंटी को बेच दिया. इसके बाद करीब एक से डेढ़ महीने पहले धनसुली स्थित ईंट-भट्ठे से एक और ट्रैक्टर चोरी किया गया. चोरी के बाद इस ट्रैक्टर को जोरा बाजार के पास खड़ा किया गया. बाद में संजीव दत्ता के साथ मिलकर यह ट्रैक्टर दिनेश कुमार टंडन, निवासी भोरिंग, तुमगांव को देने की जानकारी आरोपी ने पुलिस को दी.
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
साहिल राय: पिता विजय राय, उम्र 23 वर्ष, निवासी अमसेना, थाना खरोरा, वर्तमान पता धनसुली हाउसिंग बोर्ड किराये का मकान, थाना विधानसभा, रायपुर। पुलिस ने उसे मामले का मुख्य आरोपी बताया है.
संजीव दत्ता: पिता सिद्धस दत्ता, उम्र 27 वर्ष, निवासी आसमा कॉलोनी, उसलापुर, थाना सकरी, बिलासपुर
अमरजीत सिंह: पिता गुरमीत सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम चाक, थाना त्रपेडा, जिला अमृतसर, पंजाब, वर्तमान पता आरडीए कॉलोनी जी-ब्लॉक, मकान नंबर 112, हीरापुर, थाना कबीर नगर, रायपुर
दिनेश कुमार टंडन: पिता राम दयाल टंडन, उम्र 44 वर्ष, निवासी भोरिंग, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद दिनेश टंडन महासमुंद का बर्खास्त पुलिसकर्मी बताया गया है
जेल में हुई थी संजीव और अमरजीत की पहचान
पुलिस पूछताछ में अमरजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2005 में थाना आमानाका क्षेत्र के हत्या के एक मामले में वह जेल गया था और करीब 14 वर्ष की सजा काटने की बात कही है. इसी दौरान जेल में उसकी पहचान संजीव दत्ता से होने की जानकारी उसने पुलिस को दी. इसी तरह दिनेश कुमार टंडन ने पूछताछ में वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में रहते हुए गांजा प्रकरण में जेल जाने और उसी दौरान जेल में संजीव दत्ता से पहचान होने की बात बताई है. पुलिस इन दोनों आरोपियों द्वारा बताई गई जानकारी का सत्यापन कर रही है.
चोरी के वाहन बेचने के लिए बनाया नेटवर्क
पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार गिरोह में वाहन चोरी करने के बाद उन्हें अलग-अलग लोगों के जरिए बेचने का नेटवर्क था। संजीव दत्ता, अमरजीत उर्फ बंटी और अन्य परिचितों के जरिए चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने की जानकारी पुलिस को मिली है. हालांकि चोरी के वाहनों की पूरी बरामदगी और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है.
अन्य आरोपियों और चोरी के वाहनों की तलाश
रायपुर ग्रामीण पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं, चोरी किए गए वाहनों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस टीम चोरी के बाकी वाहनों की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई कर रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने के साथ वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में और जानकारी सामने आ सकती है.
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंचल तिवारी और एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में की गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



