6 साल से लापता प्रेमी जोड़े का जमीन में दफन मिला कंकाल, कपड़ों से हुई पहचान, इलाके में फैली सनसनी, हत्या या हादसा?, जांच में जुटी पुलिस
Skeletons of lovers missing for 6 years found buried in the ground, identified by clothes, sensation spread in the area, murder or accident? Police engaged in investigation.
सरगुजा : सरगुजा जिले के जोरी-बिलमा जंगल के नाले में दफन प्रेमी जोड़े के कंकाल बरामद होने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि दोनों पिछले छह साल से लापता थे. कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उनकी पहचान की है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में नरकंकाल के अवशेष जब्त कर घटना की जांच शुरू कर दी हे. ये मामला धौरपुर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक जोरी और बिलमा गांव की सीमा से गुजरने वाले जंगली नाले में ग्रामीणों ने मिट्टी में दबा नरकंकाल देखा. इसकी खबर पुलिस को दी गई. शनिवार को धौरपुर पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से खुदाई कर दोनों कंकाल बाहर निकाले गए.
दोनों के कंकाल अलग-अलग टुकड़ों में मिले. युवक के हाफ पैंट और किशोरी के कपड़ों से उनकी पहचान की गई. कपड़ों के आधार पर परिजनों ने मृतकों की पहचान विनोद कोरवा उम्र 19 साल और ज्योति गोंड़ उम्र 17 साल के रूप में की है. दोनों अलग-अलग जाति से होने की वजह से परिवार उनके रिश्ते के खिलाफ था. बताया जा रहा है कि परिवार और समाज के डर से दोनों चोरी-छिपे जंगल में मिलते थे. वर्ष 2020 की गर्मियों में दोनों अचानक लापता हो गए थे.
परिजनों ने काफी तलाश की. लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. जिसके बाद में विनोद कोरवा के पिता ने 13 मई 2023 को धौरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों शवों को गड्ढा खोदकर नाले में दफन किया गया था.
पुलिस का कहना है कि आसपास ग्रामीण खेती करते हैं. ऐसे में अगर शव खुले में पड़े होते तो पहले ही दिखाई दे जाते या बदबू फैल जाती. जांच में यह बात भी सामने आई है कि जंगल के उस इलाके में जंगली सूअरों के शिकार के लिए बिजली के तार लगाए जाते हैं.
पुलिस को आशंका है कि शायद दोनों की तार की चपेट में आने से मौत हो गयी होगी और बाद में शवों को छिपाने के लिए आरोपियों द्वारा दफन कर दिया गया हो. हालांकि प्रेमी जोड़े के साथ क्या घटना घटित हुआ इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.
धौरपुर थाना प्रभारी आरसी चंद्रा ने बताया कि दोनों कंकालों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. फॉरेंसिक जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल वजह का पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



