छत्तीसगढ़ में आसमान से बरपा कहर, बिजली गिरने से महिला की मौत, 3 घायल, खेत में धान काटते समय हुआ हादसा, कई जिलों में अलर्ट जारी
Sky wreaked havoc in Chhattisgarh woman died due to lightning 3 injured accident happened while harvesting paddy in the field alert issued in many districts
जशपुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दुखद घटना में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं. यह हादसा सीतापुर थाना क्षेत्र के उलकिया गांव में हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक मनिता टोप्पो और उनके साथ अन्य लोग खेत में धान काटने का काम कर रहे थे. अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरु हो गई. बारिश के बीच बिजली गिरने से मनिता टोप्पो उम्र 45 साल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीन दलबीर टोप्पो उम्र 44 साल, अंजू टोप्पो उम्र 15 साल और अमोद किंडो उम्र 23 साल घायल हो गए.
घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरु किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं पुलिस को भी खबर किया गया. जिसके बाद मामले की जांच की जा रही है. घायल व्यक्तियों का इलाज पत्थलगांव के अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है.
सरगुजा जिले के अधिकारियों ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया और ग्रामीणों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें और आकाशीय बिजली से सुरक्षा के लिए सावधानी बरतें. बारिश के दौरान ऊंचे स्थानों पर न खड़े होने और सुरक्षित स्थानों की तलाश करने का सुझाव दिया गया है. इस दुखद घटना ने लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति एलर्ट रहने की जरुरत का एक और अहम उदाहरण दिया है. अधिकारियों ने कहा है कि सरकार की तरफ से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी.
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है. आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, रायगढ़, कोरबा, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग ने 18 और 19 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, बिलासपुर और राजगढ़ जिलों में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की है. कुछ जगहों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



