ससुराल में टांगी और डंडे से दामाद का मर्डर, ससुर ने पड़ोसी और नाबालिग संग रची कत्ल की साजिश, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
Son-in-law murdered with a sickle and a stick at his in-laws' house; father-in-law conspired with a neighbor and a minor; three accused, including a minor, arrested.
रायगढ़ : रायगढ़ जिला में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में 24 सितंबर को युवक बलराम सारथी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. घरघोड़ा पुलिस ने मृतक के ससुर रामस्वरुप सारथी, गांव के युवक देवनंदन राठिया और एक नाबालिग को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल धारदार टांगी और डंडा भी जब्त किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक बलराम सारथी 28 साल निवासी गाला पत्थलगांव का अपनी पत्नी हेमलता सारथी से विवाद चल रहा था. परिजनों ने हेमलता को उसके बच्चों सहित मायके बरपाली ले आए. इसी बीच बलराम भी 21 सितंबर को ससुराल पहुंच गया. 24 सितंबर को गांव में हड़कंप मच गया. जब बरपाली निवासी पंचराम राठिया के घर की परछी में बलराम लहूलुहान हालत में मृत पाया गया. अज्ञात आरोपियों द्वारा सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई थी. घटना को लेकर मर्ग एवं अपराध क्रमांक क्रमांक 257/2025 धारा 103(1) बी.एन.एस. कायम कर जांच में लिया गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन और थाना प्रभारी तमनार कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में घरघोड़ा पुलिस की टीम गठित की. गवाहों से पूछताछ फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की जांच में मृतक के ससुर रामस्वरूप पर शक की पुष्टि हुई. संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
जिसमें सामने आया कि रामस्वरुप ने अपनी बेटी से मारपीट करने की रंजिश के चलते प्लान बनाकर हत्या करवाई. उसने देवनंदन राठिया और नाबालिग को साथ लेकर बलराम को घर बुलाया और डंडा व टांगी से हमला कर उसकी जान ले ली. बाद में सबूत छिपाने की नीयत से खून के धब्बे भी धोए गए.
आरोपियों के बयान पर टांगी और बांस का डंडा बरामद किया गया. आरोपियों के खिलाफ धारा 49, 238, 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है. मुख्य आरोपी रामस्वरूप सारथी और देवनंदन राठिया को 26 सितंबर को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा गया है. वहीं नाबालिग को बाल न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया.
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में हत्या कांड का शीघ्र पर्दाफाश करने में सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक हरीश पटेल, उधो पटेल और प्रहलाद भगत की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t
गिरफ्तार
(1) रामस्वरूप सारथी पिता स्व मदन सारथी उम्र 56 साल
(2) देवनंदन राठिया पिता पंचराम राठिया उम्र 21 साल
(3) नाबालिग बालक



