शिक्षिका ने पार्षद पति गणेश जायसवाल पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप, पेट पर लात मारी, नाखून से गहरे जख्म दिए, FIR दर्ज
Teacher accused councilor husband Ganesh Jaiswal of assault and threatening to kill her, kicked her in the stomach, inflicted deep wounds with nails, FIR registered
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की नगर पालिका पेंड्रा में रहने वाली एक शिक्षिका ने अपने पार्षद पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इस मामले में शिक्षिका ने पेंड्रा थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक पेंड्रा की रहने वाली शिक्षिका प्रियंका जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनके पार्षद पति गणेश जायसवाल उनके साथ मारपीट करते हैं. गणेश वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद हैं. शिक्षिका ने बताया कि 16 मार्च 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे उनके पति ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और गड़ासा लेकर जान से मारने की धमकी दी.
पीड़िता के मुताबिक जब उन्होंने अपने पति का मोबाइल देख लिया. तो गुस्से में आकर पति ने उन्हें बुरी तरह पीटा. उनके हाथों में नाखून से गहरे जख्म दिए. पेट में लात मारी. घर का सामान-टीवी, टेबल और मोबाइल तोड़ दिया. किसी तरह जान बचाकर छिपते हुए उन्होंने दूसरे के मोबाइल से पुलिस को खबर दी.
शिकायत में शिक्षिका ने बताया कि इससे पहले भी वह 2 बार FIR दर्ज करा चुकी हैं और 2 बार SP ऑफिस में शिकायत कर चुकी हैं.एक बार उनके पति ने उनका हाथ तोड़ दिया था. लेकिन हर बार बहला-फुसलाकर या बच्चों को मारने की धमकी देकर केस वापस करा लिया.
पीड़िता ने कहा कि "मैं और मेरे बच्चे सुरक्षित नहीं हैं. मुझे अलग रहने और पुलिस की मदद की जरुरत है. मेरे पति लगातार धमकी देते हैं कि पुलिस और कानून मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते. मैं जब चाहूं तुम्हारा मर्डर कर सकता हूं."
प्रियंका जायसवाल ने पुलिस से अपने और बच्चों के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है. उन्होंने अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपना सामान, दस्तावेज, गहने और बच्चों का सामान वापस दिलाने की अपील की है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. एडिशनल एसपी ओम चंदेल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3) और 102 के तहत जुर्म दर्ज किया है. महिला के आरोपों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है. पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चालान पेश किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



