गिनती न सुना पाने पर शिक्षक का अत्याचार, दूसरी कक्षा के मासूम छात्र की आंख में उतरा खून, ग्रामीणों में आक्रोश, टीचर सस्पेंड, FIR दर्ज
Teacher tortures second-grade student for failing to recite a count; blood oozes from eyes, villagers outrage, teacher suspended, FIR filed
बलरामपुर : बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में मासूम छात्र के साथ शिक्षक की बेरहमी से मारपीट मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है. मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज ने यह कार्रवाई की है. यह पूरा मामला प्राथमिक शाला जावाखाड़ी का है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भोजन अवकाश के बाद शिक्षक उदय कुमार यादव प्रधानपाठक कक्षा में पहुंचे और 7 वर्षीय छात्र भागीरथी यादव को गिनती सुनाने को कहा. गिनती में गलती होते ही शिक्षक इतने आक्रोशित हुए कि मासूम बच्चे के चेहरे पर लगातार थप्पड़ बरसाने लगे. बच्चे के रोने और सिर झुकाने पर भी शिक्षक रुके नहीं और पिटाई जारी रखी. थप्पड़ मारने की वजह से छात्र की आंख में खून भी जम गया और उसका चेहरा बुरी तरह सूज गया.
रोते-बिलखते बच्चे ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई. घटना के बाद गांव में शिक्षक के प्रति भारी आक्रोश है. ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़ी निगरानी जरुरी है.
इसके बाद छात्र के पिता धनंजय यादव ने शिक्षक पर आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं और घटना के समय भी वह नशे में थे. वहीं परिजन त्रिकुंडा थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



