परेशान अन्नदाताओं की समस्याओं को लेकर 23 नवंबर को एसडीएम कार्यालय राजिम का घेराव करेगी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर–राजिम -रुपेश साहू
The Fingeshwar-Rajim Block Congress Committee will lay siege to the SDM office in Rajim on November 23 to highlight the problems faced by distressed farmers. — Rupesh Sahu
गरियाबंद : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर-राजिम की महत्वपूर्ण सातवीं मासिक बैठक आज श्याम कुटीर किरवई में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में आयोजित की गई. बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसी जन, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता साथी बड़ी तादाद में मौजूद रहे.
बैठक में क्षेत्र के किसानों की गंभीर समस्याओं एवं उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई. किसानों को धान बेचने में आ रही परेशानियों, किसान गिरदावरी एवं धान पंजीयन में अनियमितताओं, बेमौसम बारिश से फसल को हुए नुकसान के बावजूद फसल बीमा राशि का भुगतान नहीं होने और पटवारियों की लगातार हड़ताल से प्रभावित राजस्व कार्यों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई. इन समस्याओं के निराकरण के लिए सर्वसम्मति से आगामी 23 नवंबर 2026, सोमवार को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय राजिम के सामने एक दिवसीय घेराव एवं धरना-प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया.
बैठक में निम्नलिखित प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन करने का फैसला लिया गया.
1. किसान गिरदावरी एवं धान पंजीयन की समस्या का तत्काल निराकरण
क्षेत्र के अनेक किसानों की किसान गिरदावरी नहीं होने की वजह से धान खरीदी के लिए पंजीयन नहीं हो पा रहा है. इसके चलते किसान अपनी मेहनत से उत्पादित धान को समर्थन मूल्य पर बेचने से वंचित होने की स्थिति में हैं. सभी प्रभावित किसानों की तत्काल गिरदावरी कराकर धान पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी किसान को प्रशासनिक या तकनीकी त्रुटि के कारण धान बेचने से वंचित न किया जाए.
2. बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को फसल बीमा राशि का तत्काल भुगतान
कृषक साख सहकारी समितियों से ऋण लेते समय किसानों से फसल बीमा प्रीमियम की राशि काटी गई है. लेकिन बेमौसम बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान होने के बावजूद प्रभावित किसानों को अब तक राहत नहीं मिल पाई है. प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर पात्र किसानों को फसल बीमा की राशि तत्काल प्रदान की जाए.
3. पटवारियों की हड़ताल का शीघ्र समाधान एवं निलंबित पटवारी की बहाली
पटवारियों की लगातार हड़ताल के कारण किसानों के गिरदावरी, नामांतरण, सीमांकन एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं. पटवारी संवर्ग की जायज मांगों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए और निलंबित पटवारी को तत्काल बहाल किया जाए. ताकि किसानों के लंबित कार्य सुचारु रूप से हो सकें.
4. पूर्व में प्रस्तुत सात सूत्रीय मांगों का तत्काल निराकरण
किसानों एवं क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर पूर्व में शासन-प्रशासन को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था. लेकिन आज तक इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. प्रशासन पूर्व में प्रस्तुत मांगों पर हुई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करे तथा सभी लंबित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करे.
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। आज किसानों को अपनी ही उपज बेचने के लिए गिरदावरी और पंजीयन जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है. बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद होने के बावजूद बीमा राशि नहीं मिलना और पटवारियों की हड़ताल के कारण किसानों के जरूरी काम रुकना बेहद चिंताजनक है. शासन-प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान करे. कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों और उनकी जायज मांगों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी.
उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारियों, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्षों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के साथियों और क्षेत्र के किसान भाइयों से अपील किया कि 23 नवंबर 2026, सोमवार को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय राजिम के सामने आयोजित एक दिवसीय घेराव एवं धरना-प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा तादाद में शामिल होकर किसान हितों की इस लड़ाई को मजबूत बनाएं और कार्यक्रम को कामयाब बनाएं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



