सरकारी राशन दुकान में चोरी, मुंह में कपड़ा बांधकर घुसे दो चोर, कैश काउंटर से 500-500 के बंडल लेकर फरार, CCTV में हुए कैद हुई पूरी वारदात
Theft in government ration shop, two thieves entered with cloth tied around their mouths, escaped with bundles of Rs 500 each from the cash counter, the entire incident was captured in CCTV
रायपुर : राजधानी रायपुर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शहर के मौदहापारा इलाके में स्थित एक सरकारी उचित मूल्य की राशन दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान में सेंध लगाकर गल्ले में रखे करीब 2.5 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस ने जब्त कर ली है और जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 2 बजे दुर्गा कॉलेज के पास स्थित एक राशन दुकान में दो अज्ञात चोरों ने आधी रात को सेंधमारी करते हुए करीब ढाई लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया. चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है.
दुकान संचालक मोहम्मद अब्दुल मुनीर ने सुबह दुकान खोलने के लिए जैसे ही शटर उठाया, तो देखा कि अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है और गल्ले से नकदी गायब है. इसके अलावा दुकान में रखे राशन सामग्री के पैकेट, इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीन और कुछ अन्य महंगे उपकरण भी चोरी कर लिए गए हैं.
घटना के बाद जब पुलिस को खबर दी गई. तो मौदहापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की. दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दो युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए हैं और बड़ी ही चालाकी से शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे. करीब 15-20 मिनट के भीतर उन्होंने चोरी को अंजाम दिया और फरार हो गए. पुलिस ने CCTV फुटेज को सबूत के तौर पर जब्त किया. और चोरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं.
पुलिस का कहना है कि फुटेज की मदद से जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही इलाके में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. ताकि चोरों की मूवमेंट को ट्रैक किया जा सके.
पीड़ित दुकान संचालक मोहम्मद अब्दुल मुनीर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. जिसके आधार पर BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 331-4 (गंभीर चोरी) और 305A (रात में की गई चोरी) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
यह धाराएं संगीन अपराधों की श्रेणी में आती हैं. जिनके तहत दोषियों को सख्त सजा का प्रावधान है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है.आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड रखने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है.
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में काफी आक्रोश देखा गया। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अगर लगातार होती रहीं. तो वे असुरक्षित महसूस करेंगे और इससे बाजार पर बुरा असर पड़ेगा. उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



