पुरानी रंजिश के कारण घर में घुसकर तीन महिलाओं से मारपीट, अस्पताल में भर्ती, कार और पल्सर में तोड़फोड़ का आरोप, हिरासत में तीन आरोपी
Three women were assaulted after intruders barged into their home due to an old enmity; the victims have been hospitalized. Allegations include vandalism of a car and a Pulsar motorcycle; three accused are in custody.
जांजगीर-चांपा : मुलमुला थाना क्षेत्र के कोसा गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर विवाद हो गया. आरोप है कि शुक्रवार को एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की और कार और बाइक में तोड़फोड़ की. घटना में घायल महिलाओं को डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 26 जून की शाम करीब 6 बजे गांव के शिववरन यादव, रामअनुज यादव, विजय यादव और उनके अन्य साथी डंडे लेकर उनके घर पहुंचे. आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की. जान से मारने की धमकी दी और फिर जबरन घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की.
पीड़िता के मुताबिक उस समय वह अपनी मां धनबाई और सास गंगोत्री केवट के साथ घर के अंदर बैठी हुई थी. आरोपियों ने तीनों महिलाओं पर डंडों से हमला कर दिया. जिससे उनके सिर, हाथ और पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं. साथ ही घर में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल और कार में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें तीनों घायल महिलाएं खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी दिखाई दे रही हैं. हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
मामले की खबर मिलने पर मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और कोसा गांव से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाई है जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले भी कोसा गांव में यादव और केंवट परिवार के बीच विवाद हुआ था. उस मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुराने मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा था. लेकिन समझौता नहीं होने पर शुक्रवार को कुछ लोगों ने उनके घर पहुंचकर महिलाओं के साथ लाठी-डंडों और मुक्कों से मारपीट की.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग करते हुए भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई है. वहीं पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सभी पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है. मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



