धान रोपाई के दौरान दर्दनाक हादसा, खेत में मोटर पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ते समय करंट लगने से पूर्व सरपंच की मौत, गांव में फैली शोक की लहर
Tragic accident during paddy transplantation: Former Sarpanch dies of electrocution while connecting a motor pump in the field; a wave of grief sweeps through the village.
बस्तर : बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हली में बुधवार दोपहर खेत में सिंचाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पूर्व सरपंच टीकम सिंह बघेल उम्र 40 साल की मौत हो गई. मृतक स्व धनसिंह बघेल के बेटे थे और खेती-किसानी के साथ गांव के पूर्व सरपंच भी रह चुके थे.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार करीब 12:30 बजे टीकम सिंह बघेल अपने खेत में धान रोपाई के लिए सिंचाई करने पहुंचे. इस दौरान वे खेत में लगे मोटर पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे. तभी अचानक विद्युत प्रवाहित हो गई और वे करंट की चपेट में आ गए.
करंट लगते ही टीकम सिंह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में गिर पड़े. उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने फौरन बिजली का संपर्क बंद कराया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया. लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार के साथ खेती-किसानी का काम करते थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी.
हादसे की खबर मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जरुरी कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भानपुरी सिविल अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?




