अभनपुर के पास घर लौट रहे दो दोस्त हादसे के शिकार, एक की मौत, इधर देवभोग में आईटीआई कॉलेज के पास एक युवक की मौत, दूसरा रेफर

Two friends returning home near Abhanpur met with an accident, one died, while in Devbhog, a young man died near the ITI College and another was referred.

अभनपुर के पास घर लौट रहे दो दोस्त हादसे के शिकार, एक की मौत, इधर देवभोग में आईटीआई कॉलेज के पास एक युवक की मौत, दूसरा रेफर

अभनपुर के पास सड़क हादसा, युवक की मौत

अभनपुर : नए साल की खुशियां अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर उस वक्त चीखों में बदल गईं. जब एक तेज़ रफ्तार सड़क हादसे ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया. राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडियन ढाबा के पास देर रात हुए भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसका दोस्त गंभीर रुप से घायल हो गया. यह हादसा राखी थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नए साल की रात करीब 2 से 3 बजे कार्तिक मरकाम और दीपांशु शर्मा रायपुर में जश्न मनाने के बाद बाइक से धमतरी लौट रहे थे. जैसे ही वे अभनपुर स्थित इंडियन ढाबा के पास पहुंचे. तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक चला रहे कार्तिक मरकाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि पीछे बैठे दीपांशु शर्मा गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपांशु को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है. इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल युवक के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है. वहीं, हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही देर पहले दोनों दोस्तों ने अपने परिवार को वीडियो और तस्वीरें भेजकर सुरक्षित घर लौटने की जानकारी दी थी. उन तस्वीरों में दोनों के चेहरे पर नए साल की खुशियां साफ झलक रही थीं. लेकिन किसे पता था कि कुछ ही मिनटों में यह मुस्कान हमेशा के लिए खामोश हो जाएगी.
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. नए साल की जिस सुबह का इंतजार खुशियों के साथ किया गया था. वही सुबह एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गई. पुलिस ने आमजन से अपील किया कि अगर किसी ने हादसे से संबंधित कोई जानकारी या वाहन देखा हो तो फौरन पुलिस को खबर करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t

आईटीआई कॉलेज के पास  एक युवक की मौत, दूसरा रेफर

गरियाबंद/देवभोग : गरियाबंद जिला में देवभोग थाना क्षेत्र के सरदापुर स्थित आईटीआई कॉलेज के पास एक बार फिर दिल दहला देने वाली सड़क हादसा सामने आया है. हादसे में जामगांव निवासी पप्पू नागेश (22 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कदलीमुड़ा निवासी ओंकार नागेश उम्र 24 साल गंभीर रुप से घायल हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों युवक CG23 N 8062 नम्बर की गाड़ी से घूमकर घर लौट रहे थे. तभी आईटीआई कॉलेज के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि पप्पू नागेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल ओंकार नागेश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग लाया गया. जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया.
इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही कर रही है. पुलिस द्वारा हादसे की वजह की जांच की जा रही है. इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t