स्कूली छात्रों के बीच हिंसक झड़प, छात्र ने साथी पर किया ब्लेड से वार, स्टूडेंट की हालत नाजुक, स्कूल प्रबंधन की लापरवाही उजागर, आरोपी फरार
Violent clash between school students, student attacked friend with blade, student's condition critical, negligence of school management exposed, accused absconding
कोरबा : कोरबा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां स्कूली छात्रों के बीच गैंगवार हो गया. इस गैंगवार में एक छात्र गंभीर रुप से घायल हो गया है. घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. वहीं इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी छात्र फरार हो गया है. पुलिस की टीम आरोपी के तलाश में जुटी हुई है. यह घटना स्कूल की खेल छुट्टी के दौरान बांसबाड़ी नर्सरी में हुई.
मिली जानकारी के मुताबिक मानिकपुर चौकी के दादर माध्यमिक शाला में एक साथ पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के बाद एक छात्र ने दूसरे छात्र पर अचानक ब्लेड निकालकर हमला कर दिया. इस हमले में छात्र के गले और चेहरे पर चोट आई है. घायल छात्र को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
घायल छात्र का इलाज अस्पताल में जारी है. वहीं दूसरी तरफ स्कूल प्रबंधन को इस गैंगवार के बारे में कोई जानकारी नहीं है. सवाल उठता है कि स्कूल परिसर के पास इस तरह की घटना कैसे हुई और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं.
पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है और आरोपी छात्र की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों और छात्रों से पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके. इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के बीच बढ़ती हिंसा और स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है. जो घटना के कारणों और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच करेगी. और भरोसा दिलाया है कि आरोपी छात्र को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद से स्कूली बच्चों के माता-पिता में चिंता का माहौल है. उन्होंने स्कूल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से मांग किया कि स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय किए जाएं. स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इस घटना को लेकर गहरी चिंता है. परिजनों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए. लेकिन यहां तो छात्र ही एक-दूसरे की जान के दुश्मन बनते जा रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



