राजधानी में जलभराव की समस्या, फूटा रहवासियों का गुस्सा, कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी, दी आंदोलन की चेतावनी
Waterlogging problem in the capital, residents' anger erupted, gheraoed the office and raised slogans, warned of agitation
रायपुर : राजधानी रायपुर के वार्ड नंबर 23 अंतर्गत मोतीलाल नगर में जलभराव की समस्या विकराल रुप ले चुकी है. इलाके के रहवासी नगर निगम जोन-07 की लापरवाही से बेहद परेशान हैं. रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में एक बिल्डर द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण की वजह से पानी की निकासी पूरी तरह से बाधित हो गई है. जिससे हल्की बारिश में भी इलाके में घुटनों तक पानी भर जाता है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार निगम कार्यालय में शिकायतें दर्ज कराई. लेकिन किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. जलभराव की वजह से लोगों को दैनिक आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं.
लोगों का गुस्सा तब फूट पड़ा जब लगातार शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन ने अनदेखी जारी रखी. इससे नाराज रहवासियों ने मंगलवार को अपने वार्ड पार्षद के साथ मिलकर जोन-07 कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने निगम अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर हफ्ते भर के भीतर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया. तो वे आंदोलन को और उग्र रुप देंगे. वार्ड पार्षद ने भी रहवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की. तो वे भी निगम मुख्यालय के सामने धरना देने को मजबूर होंगे.
इस पूरी स्थिति ने निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना यह होगा कि जनता की चेतावनी के बाद प्रशासन जागता है या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



