धान खरीदी में 8.14 करोड़ का फर्जीवाड़ा, राइस मिलर संचालक एवं समिति प्रबंधक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, चार फरार, तलाश जारी
8.14 crore rupees fraud in paddy procurement; 4 accused including rice miller operator and committee manager arrested, four absconding, search continues
मुंगेली : मुंगेली जिले में धान खरीदी एवं परिवहन के मामले में गड़बड़ी के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से मिले अलर्ट के आधार पर की गई जांच में धान के अवैध ओवरलोडिंग, फर्जी वाहनों से परिवहन और रिसायक्लिंग के गंभीर मामले उजागर हुए हैं. जांच में यह सामने आया कि धान उठाव करने वाले वाहनों द्वारा वास्तविक क्षमता से 200% से लेकर 1116% तक ज्यादा ओवरलोडिंग कर अवैध परिवहन किया गया.
कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशानुसार खाद्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई डिटेल जांच में राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों और अन्य शामिल लोगों के जरिये मिलकर फर्जीवाड़ा कर शासन को 8 करोड़ 14 लाख रुपए से ज्यादा की आर्थिक नुकसान पहुंचाने का खुलासा हुआ है. इस गंभीर मामलों में कई थानों में एफआईआर दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि कुछ आरोपी फरार हैं.
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों द्वारा जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए, पीडीएस चावल का वितरण नहीं किया गया, फर्जी वाहन नंबरों के जरिए धान का परिवहन दर्शाया गया और असल मात्रा से ज्यादा धान उठाव दिखाकर शासन को नुकसान पहुंचाया गया. शुरुआती जांच में करीब 11 लाख क्विंटल से ज्यादा धान की खरीदी और परिवहन में अनियमितता के सबूत मिले हैं.
नवागांव घुठेरा समिति द्वारा उपलेटा राइस मिल से मिलीभगत कर 74 जीपीएस युक्त और 40 से ज्यादा बिना जीपीएस वाहनों के जरिए धान का अवैध परिवहन किया गया. इसी तरह सिंघनुपरी उपार्जन केन्द्र द्वारा एसएस फूड के साथ मिलकर 4,542 क्विंटल धान का बिना जीपीएस वाहन से परिवहन, छटन उपार्जन केन्द्र द्वारा दीपक राइस मिल और नवकार मिल के साथ मिलकर 3,589 क्विंटल धान का अवैध परिवहन तथा झगरहट्टा उपार्जन केन्द्र द्वारा वर्धमान राइस मिलर्स के साथ अनियमितता किए जाने पर कार्रवाई की गई है.
इन मामलों में उपलेटा एवं वर्धमान राइस मिल के संचालक, समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं अब्दुल समद, ललित जैन, नवेन्द मेनन और अनिल जांगड़े फरार बताए जा रहे हैं. जिनकी तलाश पुलिस कर रही है,
दुसरे थानों में भी दर्ज हुए मामले
थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 12/2026 एवं थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत भी धान उपार्जन केन्द्रों में फर्जी परिवहन, धोखाधड़ी एवं अनियमितताओं के मामले दर्ज किए गए हैं. इन मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



