भालू मचा रहा आतंक, मक्का तोड़ने गई युवती पर किया हमला, जिला अस्पताल रेफर, ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग ने किया सतर्क रहने की अपील
A bear created panic; a young woman was attacked while harvesting corn; she was referred to the district hospital, creating panic among villagers; the forest department appealed for vigilance.
कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शुक्रवार सुबह खेत में मक्का तोड़ने गई एक युवती पर भालू ने हमला कर दिया. इस हमले में युवती गंभीर रुप से घायल हो गई. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. यह पूरा मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पाटला निवासी संजूला नेताम उम्र 27 साल शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर के पास स्थित खेत में मक्का तोड़ने गई थीं. इसी दौरान खेत के आसपास छिपे भालू ने अचानक उसपर हमला कर दिया. युवती की गुहार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे. जिसके बाद भालू जंगल की तरफ भाग गया.
इस हमले में संजूला नेताम के हाथ में गंभीर चोट आई है. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे फरसगांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
हमले की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी. वन अमला ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश भी दे रहा है. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ गई है. जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह और शाम के समय खेतों तथा जंगल किनारे जाने में अब लोगों को डर लगने लगा है. अकेले खेतों में काम करने जाने से भी ग्रामीण परहेज कर रहे हैं. लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



