कर्ज से परेशान किसान ने नशे की हालत में खाया जहर, घर बनाने उधार लिए पैसे, परेशान होकर पीने लगा शराब, परिवार में पसरा मातम
A debt-ridden farmer consumed poison while intoxicated. He borrowed money to build a house and then became distraught and began drinking, leaving his family in mourning.
कोरबा : कोरबा जिले में कर्ज से परेशान एक किसान ने जहर खाकर जान दे दी. खमरिया के रहने वाले राजकुमार उम्र 50 साल आवास योजना के तहत घर बनवाया था. लेकिन पर्याप्त रकम न होने की वजह से उधार पैसे लिए थे. कर्ज से परेशान होकर उसने कीटनाशक खा लिया. परिजन राजकुमार को अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका पति पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा था. उसने शराब पीना भी शुरु कर दिया था. यह मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजकुमार बुधवार 22 अक्टूबर सुबह नशे की हालत में घर लौटा. खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया. उसकी पत्नी और दो बच्चे अपने-अपने काम पर चले गए. जब उसकी पत्नी खेत से काम कर घर लौटी. तो उसने राजकुमार को खाट पर पड़ा और उल्टी करते देखा. पास में खेत में छिड़काव करने वाले कीटनाशक की शीशी पड़ी हुई थी. उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदी बाजार ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक राजकुमार की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से परेशान चल रहा था. उसने आवास योजना के तहत घर बनवाया था. लेकिन पर्याप्त रकम न होने की वजह से उधार पैसे लिए थे.
कर्ज में होने की वजह से वह शराब का ज्यादा सेवन करने लगा था. पत्नी को यह समझ नहीं आ रहा कि उसने यह घातक कदम क्यों उठाया. मृतक के दो बच्चे हैं. एक लड़का और एक लड़की है. राजकुमार खेती-किसानी और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर बयान दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



