देर रात दर्दनाक सड़क हादसा, बुलेट-मोपेड की आमने-सामने जोरदार टक्कर, 2 युवकों की मौत, दो लोगों की हालत गंभीर, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
Tragic late-night road accident: Head-on collision between a Bullet motorcycle and a moped; two youths killed, two others in critical condition; high speed cited as the cause.
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बुलेट और मोपेड की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. घटना की खबर मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे. इसी दौरान किसी वजह से दोनों चालकों का कंट्रोल बिगड़ गया और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट और मोपेड के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए.
हादसे के बाद सड़क पर मौजूद लोगों ने मदद की और पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा. डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया.
एक मृतक की पहचान यश शर्मा के रूप में
पुलिस के मुताबिक हादसे में मृतकों में से एक युवक की पहचान यश शर्मा के रुप में हुई है. वहीं दूसरे मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस ने शुरु की जांच
अमलेश्वर थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह मानी जा रही है. हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय किसी वाहन चालक ने शराब का सेवन तो नहीं किया था या फिर सड़क से जुड़ी कोई तकनीकी वजह दुर्घटना का कारण बनी. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असल वजह सामने आएगी.
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस ने लोगों से अपील किया कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें. ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



