पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले से पहले बाइक सवार दो युवकों ने साइकिल से कॉलेज जा रही छात्रा के बैग पर कर दिया हाथ साफ, चौंकाने वाली वारदात

Before the convoy of the former Chief Minister, two youths on a bike stole the bag of a girl who was going to college on a bicycle, a shocking incident.

पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले से पहले बाइक सवार दो युवकों ने साइकिल से कॉलेज जा रही छात्रा के बैग पर कर दिया हाथ साफ, चौंकाने वाली वारदात

धमतरी : सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन से कुछ घंटे पहले ठीक उसी रास्ते पर झपटमारों ने वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के लोहरसी ओवरब्रिज के पास का है. दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने साइकिल से कॉलेज जा रही छात्रा के बैग पर हाथ साफ कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम खपरी निवासी एमएससी की छात्रा अपने नानी के घर खरतूली में रहती थी. घर से साइकिल में सवार होकर बीसीएस पीजी कॉलेज जा रही थी. करीब 12 बजे जैसे ही वह ओवरब्रिज के पास पहुंची. पीछे से बाइक सवार दो युवक तेज रफ़्तार में आए. साइकिल को ओवरटेक करते हुए उसके कैरियर में रखा बैग झपट लिया और फरार हो गए.
छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी साइकिल से ही कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा करती रही. मगर दोनों झपटमार पल भर में धमतरी की तरफ गायब हो गए. छात्रा के बैग में ₹2500 नगद, मोबाइल, अंकसूची और जरुरी दस्तावेज थे. घटना से घबराई छात्रा ने रास्ते में एक महिला को रोककर घटना की जानकारी दी.
जिसने फौरन पुलिस कंट्रोल रुम को खबर दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर रही है. पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों लुटेरे साफ नजर आ रहे हैं. बाइक सवार दोनों युवक वारदात के बाद धमतरी की तरफ भागे थे.
गौरतलब है कि इसी मार्ग से कुछ ही देर बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काफिला लोहरसी रेस्ट हाउस पहुंचने वाला था. ऐसे में उसी रास्ते पर हुई इस झपटमारी की वारदात से लोग बहुत ज्यादा हैरान हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तो सुरक्षित रास्ते भी सुरक्षित नहीं बचे.
मालुम हो कि दो दिन पहले शुक्रवार को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मकई चौक के पास भी एक महिला से झपटमारी की घटना हुई थी. हालांकि पुलिस ने उस मामले में आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया था. लेकिन बार-बार घट रही घटनाएँ यह इशारा दे रही हैं कि शहर में झपटमारों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. लोग अब दिन ढलते ही घरों से निकलने से कतराने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का मानना है कि नशे की लत और बेरोजगारी जैसी वजहों से ऐसे अपराध बढ़ रहे हैं. बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और झपटमारों की तलाश में टीम जुट गई है. लेकिन शहर में चर्चा सिर्फ एक जिस रास्ते से नेता गुजरते हैं. उसी रास्ते से झपटमार गुजर जाते हैं. अब डर सिर्फ रात का नहीं, दिन का भी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t