जलप्रपात पहुंचने से ठीक पहले रेलिंग तोड़कर गिरी कार, झाड़ियों में फंसी, मौत को छूकर जिंदा लौटे 4 दोस्त!, चार युवक घायल, मची चीख-पुकार
Car crashes through railing and plunges just before reaching waterfall, gets caught in bushes; four friends have a narrow escape from death! Four youths injured; chaos and screams ensue.
बस्तर : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है. तीरथगढ़ जलप्रपात में कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराई और जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में जाकर फंस गई. कार में सवार 4 युवक घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया. जिन्हें एंबुलेंस की मदद से दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर के रहने वाले युवक मानसून में तीरथगढ़ जल प्रपात की सैर करने आए हुए थे. इसी बीच जल प्रपात के नजदीक ही उनकी कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई. हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस को खबर की गई.
हादसे की खबर मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर फौरन राहत कार्य शुरू किया. पुलिस और 108 की टीम ने कार में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार में सवार चारों युवक रायपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं. डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है. किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे के असल वजह का खुलासा जांच के बाद हो सकेगा.
दुर्घटनाग्रस्त कार अब भी जलप्रपात के किनारे गहरी खाई में पत्थरों के बीच फंसी हुई है. जिसे बाहर निकालने के लिए भारी-भरकम हाइड्रो क्रेन की मदद ली जा रही है और पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद है. जगदलपुर पुलिस ने इस पूरे मामले की कड़ाई से जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
बस्तर पुलिस ने इस घटना से सबक लेते हुए स्थानीय और बाहरी पर्यटकों के लिए एक जरूरी चेतावनी और भावुक अपील जारी की है. पुलिस ने साफ कहा है कि पहाड़ी और अनजान घुमावदार रास्तों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें. ताकि इस तरह के जानलेवा हादसों को दोबारा होने से रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



