मुखबिरी के शक में खंभे से बांधकर युवक की पिटाई का मामला, पुरानी रंजिश और अफेयर बनी वजह खनिज माफिया का नहीं निकला कोई संबंध
Case of beating a youth by tying him to a pole on suspicion of being an informer, old rivalry and affair became the reason, no connection of mineral mafia found
बलौदा बाजार : बलौदाबजार जिला के खपरीडीह गांव में बीच चौराहे पर बिजली के खंभे से बांधकर बेल्ट से बेरहमी से युवक की पिटाई का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. शुरुआती रिपोर्ट्स में जहां इस घटना को खनिज माफिया से जोड़ते हुए प्रचारित किया गया था. वहीं यह मामला पूरी तरह से व्यक्तिगत रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है
मिली जानकारी के मुताबिक 12 जून 2025 को पिटाई का शिकार हुआ युवक परमेश्वर साहू ग्राम कुम्हारी का निवासी है और पत्थर खदान में ट्रैक्टर ड्राइवर के रुप में कार्यरत है. बताया जा रहा है कि उसका खपरीडीह गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था. दोनों पक्ष एक ही खदान में ट्रैक्टर चलाने का काम करते हैं
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले खनिज विभाग द्वारा आरोपियों का ट्रैक्टर जप्त कर लिया गया था. आरोपियों को शक था कि परमेश्वर साहू ने ही विभाग को खबर दी है. इसी शक ने पहले से मौजूद व्यक्तिगत विवाद को और बढ़ा दिया.
12 जून की रात जब परमेश्वर अपनी प्रेमिका से मिलने खपरीडीह गांव पहुंचा. तब पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद गांव के एक खंभे से बांधकर बेरहमी से उसकी पिटाई की गई. यह पूरी घटना वीडियो के जरिए भी सामने आई. जिसने पूरे मामले को तूल दे दिया.
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई. इस मामले में बलौदाबाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने जानकारी दी कि एक आरोपी यशवंत पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है.
अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि व्यक्तिगत विवादों को लेकर कानून हाथ में लेना कहां तक उचित है? साथ ही यह भी साफ हो गया कि प्रारंभिक सूचनाओं के आधार पर किसी घटना को किसी बड़े गिरोह या माफिया से जोड़ना, जांच से पहले भ्रामक साबित हो सकता है.
हाल ही में राजनांदगांव जिले के मोहड़ गांव में रेत माफियाओं ने अवैध खनन का विरोध करने पर ग्रामीणों पर गोलीबारी की थी. जिसमें एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया था. बलौदा बाजार में भी प्रशासन ने मई 2025 में 43 ठिकानों पर अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई की थी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



