एक हजार रुपये के लिए मानिकचौरी में फाइनेंसर की हत्या के मामले का खुलासा, पुलिस ने मास्टरमाइंड नाबालिग समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
Case of financier's murder in Manikchauri over one thousand rupees solved; police arrest three accused, including the minor mastermind.
रायपुर/अभनपुर : अभनपुर थाना क्षेत्र के मानिकचौरी गांव में हुई फाइनेंसर देवाराम साहू की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े के रूप में हुई है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में नाबालिग को इस हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. आरोप है कि महज एक हजार रुपये लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक मानिकचौरी गांव में देवाराम साहू का शव संदिग्ध हालत में मिला था. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. खबर मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में मामला हत्या का मालूम होने पर पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
बताया जा रहा है कि मृतक देवाराम साहू जुए की फड़ में रुपये फाइनेंस करने का काम करता था. इसी वजह से उसका कई लोगों से संपर्क था. पुलिस ने उसकी गतिविधियों, परिचितों और वारदात से पहले उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग, वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में हत्या से जुड़े अहम तथ्य सामने आए. शुरुआती जांच में दावा किया गया है कि नाबालिग ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर देवाराम साहू से लूट की ओलन बनाई थी. आरोपियों को उम्मीद थी कि उसके पास बड़ी रकम होगी. वारदात के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर देवाराम साहू पर चाकू से हमला कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपियों ने देवाराम साहू के पास मौजूद रुपये लूट लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के हाथ सिर्फ एक हजार रुपये लगे. इतनी मामूली रकम के लिए हत्या किए जाने की बात सामने आने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी नशे के आदी हैं. हालांकि वारदात के समय वे नशे में थे या नहीं, इस बारे में डिटेल जानकारी पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद सामने आएगी.
पुलिस इस मामले में हत्या में इस्तेमाल चाकू, लूटी गई रकम और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के बारे में कार्रवाई कर रही है. आरोपियों की वारदात में अलग-अलग भूमिका की भी जांच की जा रही है. नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई.. जबकि दोनों वयस्क आरोपियों को अदालत में पेश किया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



