शीतकालीन सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने किया कार्यवाही का बहिष्कार, विजन 2047 पर हुई चर्चा, अजय चंद्राकर ने गिनाई सरकार की कमियां

Congress boycotted proceedings on the first day of the winter session, discussed Vision 2047, and Ajay Chandrakar listed the government's shortcomings.

शीतकालीन सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने किया कार्यवाही का बहिष्कार, विजन 2047 पर हुई चर्चा, अजय चंद्राकर ने गिनाई सरकार की कमियां

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवा रायपुर में निर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन में रविवार से शुरु हो गया. आज 14 दिसंबर से शुरु हुआ ये सत्र 17 दिसंबर 2025 तक चार दिन चलेगा. इस चर्चा में सिर्फ बीजेपी विधायक शामिल हुए. क्योंकि कांग्रेस विधायकों ने पहले दिन का सत्र का बहिष्कार किया है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विजन 2047 पर चर्चा की गई. छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र के पहले दिन ‘विजन 2047’ पर विशेष चर्चा के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने प्रक्रिया पर ही सवाल खड़ा दिया. अजय चंद्राकर की बातों से नाराज मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़े होकर अध्यक्ष से आपत्ति जताते हुए व्यक्तिगत आरोप लगाने वाले अंश को विलोपित करने की मांग की.
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इसके पहले आसंदी से सवाल किया कि किस प्रक्रिया, किस नियम के तहत सदन में चर्चा हो रही है. क्या हम शासकीय संकल्प के तहत बात कर रहे हैं? क्या चर्चा के बाद मंत्री जवाब देंगे या हमें अपनी बात कहनी है? सदन में चर्चा के पूर्व नियम प्रक्रिया की जानकारी होनी थी.
सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के विकास का विजन ‘विजन 2047’ के माध्यम से प्रस्तुत किया. ओपी चौधरी के प्रस्ताव पर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हमको नहीं पता कि क्या बोलना है. पक्ष में या विपक्ष में. या फिर विजन को लेकर सलाह देना है.
अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को विजन डॉक्यूमेंट के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज तक तय नहीं हो पायाकि रोजगार की परिभाषा क्या है? कृषि का रकबा कम हो रहा है, फसलों के उत्पादन में कमी आई है, एलाईड सेक्टर में भी कमी है, लघु सूक्ष्म की योजनाएं अधर में हैं, क्षेत्रीय असंतुलन दिख रहा है.
उन्होंने कहा कि 97 प्रतिशत छत्तीसगढ़ के लोग अनस्किल्ड हैं. यह छत्तीसगढ़ की उद्योग नीति लागू करने लिए है या कि संशोधन करने के लिए. मेक इन छत्तीसगढ़ की अवधारणा कहाँ है? कुटीर उद्योगों के लिए क्या नीति है? कहीं पर भी आज तक छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए नीति नहीं है. चलो अच्छा है न्यूयॉर्क बन जाएंगे 2047 में. वित्तमंत्री की परिकल्पनाएं अच्छी है, बाकी चीजें उनके ऊपर छोड़ता है. वित्तमंत्री लिबरल बनिए.
अंजोर विजन पर अजय चंद्राकर ने सवाल उठाते हुए कहा कि आपने गरीबी उन्मूलन पर बात नहीं की. रोजगार की परिभाषा स्पष्ट नहीं की. 1.25 लाख हेक्टेयर कृषि जमीन कम हो गई. सिंचाई का क्षेत्र भी कम हो गया, कैसे? सतह जल के लिए आपकी कोई नीति नहीं है?
प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्र के पहले दिन विधानसभा में उपस्थित नहीं होने का फैसला लिया है. नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बताया कि सदन में सिर्फ ‘‘छत्तीसगढ़ विज़न 2047” पर चर्चा प्रस्तावित है.
बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में लॉ एंड ऑर्डर, धान, जमीन दर, बिजली जैसे मामले गूंजेंगे। विपक्ष के विधायक इन मुद्दों के साथ बिजली बिल, बढ़ती महँगाई, क़ानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. शीतकालीन सत्र में विधायकों ने 628 सवाल लगाएं है. 96% सवाल विधायकों ने ऑनलाइन माध्यम से लगाए हैं. वहीं 628 सवालों में 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न लगे हैं. इसके अलावा सत्र के लिए लगे 48 ध्यानाकर्षण, 9 अशासकीय संकल्प लगे हैं। मंत्रियों को इन सवालों के जवाब देने होगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t