कांग्रेस पार्टी का बड़ा ऐलान, आज जिलों में ED का पुतला दहन और 3 मार्च को ईडी दफ्तर के बाहर हल्ला बोल, प्रदेश भर में होगा बड़ा प्रदर्शन
Congress party's big announcement, ED effigy will be burnt in districts today and on March 3, there will be a protest outside the ED office, a big demonstration will be held across the state
रायपुर : प्रदेश कांग्रेस ईडी के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है. कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन कर ईडी का पुतला दहन करेगी. वहीं दूसरी तरफ रायपुर स्थित ईडी दफ्तर का घेराव भी किया जाएगा. इसकी घोषणा कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज ने की. दीपक बैज ने सरकार पर उनकी जासूसी कराने का भी आरोप लगाया. बैज ने कहा कि जब जांच हो रही है तो आरएसएस और बीजेपी के दफ्तर की भी जांच होनी चाहिए.
ईडी के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी
दीपक बैज ने कहा कि 25 फरवरी को ईडी कांग्रेस भवन आती है. 4 बिंदुओं पर जानकारी मांगती है. 27 तारीख को 10:30 हाजिर होने को कहा जाता है. हमने सभी बिंदुओं पर ईडी को जवाब दिया है. हमारे प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू को सुबह साढ़े दस से शाम साढ़े सात बजे तक वहां बैठाए रखा गया. उनसे व्यक्तिगत जानकारी मांगी जाती है. पूछा जाता है कितने ट्रक आपके चलते हैं. कितनी छोटी गाड़ियां हैं. दीपक बैज ने कहा कि ये प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है. कांग्रेस नेताओं को टारगेट किया जा रहा है. बैज ने कहा कि कांग्रेस चुप बैठने वाली पार्टी नहीं है. हमने आजादी की लड़ाई लड़ी है. अब फिर से हम लड़ाई के लिए तैयार हैं.
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर और आरएसएस कार्यालय की भी ईडी के द्वारा जांच की जानी चाहिए. कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के सामने फाइव स्टार होटल भी कुछ नहीं है, उसकी जांच हो. आरएसएस कार्यालय पर कई सौ करोड़ खर्च हुए हैं पैसे कहां से आए इसका पता चलना चाहिए - दीपक बैज, पीसीसी चीफ
ईडी के खिलाफ प्रदर्शन
बैज ने कहा कि ईडी की तानाशाही के विरोध में सड़क से सदन तक लडाई लड़ने का फैसला कांग्रेस कार्यकारिणी ने लिया है. आज 1 मार्च को सभी जिलो में प्रदर्शन और पुतला दहन किया जायेगा. इसके बाद 3 मार्च को ईडी आफिस के सामने बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा. बैज ने कहां की ईडी ने 3 तारीख को तीन बिंदु के साथ फिर बुलाया है, हम जानकारी देने जरुर जाएंगी. दीपक बैज ने कहा कि पुलिस उनकी जासूसी कर रही है, कलेक्टर एजेंट के रुप में काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि रायपुर में ही बीजेपी ने कार्यालय एकात्म परिसर के लिए एक रुपये (प्रति वर्ग फीट) की दर से जमीन खरीदी थी. एकात्म परिसर को व्यावसायिक परिसर में बदल दिया गया है. जहां से बीजेपी 1.5 करोड़ रुपये किराए के रुप में कमा रही है. क्या ईडी इसकी जांच करेगी? उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने ईडी की तानाशाही कार्रवाई के खिलाफ लड़ने का फैसला किया है.
अगर ईडी में हिम्मत है. तो वह जांच करें कि बीजेपी के कुशाभाऊ ठाकरे कार्यालय (रायपुर में प्रदेश बीजेपी कार्यालय) के निर्माण के लिए पैसा कहां से आया. जिसे 150 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है?
''पूरे पैसे का हिसाब है हमारे पास''
बैज ने कहा कि कांग्रेस भवन हमारे कार्यकर्ताओं के मदद से इकठ्ठा किए धन से बनाया गया है. हमारे पास पूरा हिसाब है. हमारे सुकमा के राजीव भवन की कुल लागत 65 लाख है. कोटा के भवन की निर्माण की लागत करीब 20 लाख है. जो अभी अधूरा है. पूरा पेमेंट पीसीसी ने चेक से किया है. एक-एक खर्च का आडिट हुआ है.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी जिला पंचायत और जनपद पंचायत निकायों के अध्यक्ष के चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला पंचायत और जनपद पंचायत सदस्यों को डराने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है.
बैज ने यह भी दावा किया कि राज्य पुलिस उन पर जासूसी कर रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार लोकतंत्र को कुचलने के लिए किस हद तक जा सकती है. इसका इससे बड़ा उदाहरण नहीं हो सकता.
जानिए पूरा मामला
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम मंगलवार को रायपुर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंची थी. एक समन जारी कर सुकमा-कोंटा में बने कांग्रेस कार्यालय भवन को लेकर जवाब मांगा है. ईडी ने साल 2018 से 2023 के बीच में सुकमा जिले के कोंटा में बने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की लागत और उसके निर्माण के लिए आई रकम के बारे में जानकारी देने को कहा है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू से ईडी की टीम ने बातचीत की. इसके बाद एक समन जारी लौट गए थे.
नोटिस का जवाब देने 27 फरवरी को कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे थे. वे 30 पन्नों में जवाब लेकर गए थे. जिसमें सुकमा और कोंटा के राजीव भवन के निर्माण का पाई-पाई का हिसाब था. कई घंटों तक पूछताछ के बाद ईडी ने गैंदू को छोड़ा था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



