चाय के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर उतारा मौत के घाट, आधी रात वारदात को दिया अंजाम, दो नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Demanded money for tea, killed when refused, committed the crime at midnight, four accused including two minors arrested

चाय के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर उतारा मौत के घाट, आधी रात वारदात को दिया अंजाम, दो नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : दुर्ग शहर की शांति को झकझोर देने वाले अंधे कत्ल का खुलासा आखिरकार हो गया है. दिवाली की रात रेलवे स्टेशन के पास हुये इस क़त्ल ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए थे. खून से लथपथ शव मिलने के बाद से ही पुलिस पूरे शहर में आरोपियों की तलाश में जुटी थी. यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 21 अक्टूबर को दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद हुई थी. शव खून से सना हुआ था. लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. इस बीच पुलिस ने तफ्तीश तेज की और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुराग जुटाना शुरु किया.
जानकारी के मुताबिक दीपावली की रात करीब ढाई बजे चार युवकों ने स्टेशन के पास बैठे एक व्यक्ति से चाय पीने के लिए पैसे मांगे. जब उसने पैसे देने से इंकार किया तो गुस्से में आकर चारों ने उसे पकड़ लिया और उसकी तलाशी लेने लगे. विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से वार कर दिया. गर्दन, पेट और सीने पर वार से युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
मोहन नगर पुलिस ने हत्या के बाद केस दर्ज कर जांच शुरु की. विशेष टीम बनाई गई और स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई. फुटेज में दिखे संदेहियों की पहचान सिकोला भाठा और सिकोला बस्ती क्षेत्र के होने की पाई गई.
25 अक्टूबर को पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में उन्होंने पूरे वारदात की सच्चाई कबूल कर ली. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में मोहित साहू उर्फ डिवाईन उर्फ दादू उम्र 19 साल निवासी सिकोला भाठा, सावन नेताम उम्र 20 साल निवासी बॉम्बे आवास, उरला मोहन नगर और दो नाबालिग शामिल हैं.
फिलहाल मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होते ही मृतक के परिजनों को खबर दी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t