मुर्गी चोरी के शक में पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष, युवक की डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, पिता समेत दो नाबालिग बेटे गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

A violent clash broke out between neighbors over the suspected theft of a chicken, resulting in a young man being beaten to death with sticks; a father and his two minor sons have been arrested and sent to jail.

मुर्गी चोरी के शक में पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष, युवक की डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, पिता समेत दो नाबालिग बेटे गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मुर्गी चोरी के मामूली शक को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया. पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में हुए इस खूनी संघर्ष में एक युवक की लाठी-डंडों और ईंट से बेरहमी से पिटाई कर दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता और उसके दो नाबालिग बेटों को हिरासत में लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 14 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्राम जमनीमुड़ा में आमने-सामने रहने वाले खुशाल सिंह कंवर उर्फ कुसाल सिंह और नारायण सिंह पोर्ते के बीच मुर्गी चोरी के शक को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इस दौरान नारायण सिंह पोर्ते ने खुशाल सिंह के सिर पर डंडे से वार कर दिया. जवाब में खुशाल ने भी हमला किया. जिससे नारायण के कान में चोट आई. घायल हालत में नारायण अपने घर पहुंचा.
पिता को घायल देखकर नारायण सिंह के दोनों नाबालिग बेटे आक्रोशित हो गए. आरोप है कि दोनों खुशाल सिंह के घर पहुंचे और लाठी-डंडों तथा ईंट से उसकी पिटाई कर दी. हमले में खुशाल के सिर और कनपटी पर गंभीर चोटें आईं. परिजनों ने फौरन 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी पिता और उसके दोनों बेटे फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एएसपी कटघोरा, एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत और पाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नारायण सिंह पोर्ते उम्र 44 साल निवासी जमनीमुड़ा को हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात कबूल की. इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय पाली में पेश किया गया. अदालत से जेल वारंट मिलने के बाद उसे उप जेल कटघोरा भेज दिया गया.
इस मामले में शामिल दोनों नाबालिग बालकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक दोनों ने भी वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल की. इसके बाद उन्हें किशोर न्याय बोर्ड, कोरबा के सामने पेश किया गया. जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मुर्गी चोरी के मामूली शक से शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत की वजह बन गया. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb